कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देख मैं आनंदित: आचार्य सत्येंद्र दास

अयोध्या, 5 अगस्त (आईएएनएस)। सावन के तीसरे सोमवार श्री राम की नगरी अयोध्या में शिव भक्त सिद्ध पीठ नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। सरयू में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। जिसकी प्रशंसा राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने भी की।

सैकड़ों की तादाद में भक्तगण जुट रहे हैं। प्रशासन को आभास था कि सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्त जुटेंगे। सरयू घाट से लेकर नागेश्वरनाथ मंदिर तक छोटे-छोटे बैरिकेड्स लगाकर भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारी की गई है। श्रद्धालुओं को मंदिर में गर्भगृह की क्षमता के अनुसार ही प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे भीड़ न हो और सभी भक्त आराम से दर्शन कर सकें। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

शिव भक्तों और कांवड़ यात्रा लेकर आए श्रद्धालुओं के लिए नगर में विशेष मार्ग आरक्षित किए गए हैं। दर्शन और पूजन को सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नागेश्वरनाथ, राम लला, और हनुमानगढ़ी पर कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें भोजन, पानी, और ठहरने की सुविधा शामिल है। प्रशासन के इन प्रयासों से शिव भक्तों में उत्साह का माहौल है।

रामलला मंदिर ट्रस्ट के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र देव महाराज कहते हैं,” लोग हरिद्वार, प्रयागराज जैसे विभिन्न गंगा घाटों से गंगाजल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करते हैं, उन भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई है। यह दृश्य बहुत ही आनंददायी था। कांवड़िए जब चलते हैं तो लगता है जैसे राम जी की सेना चली।

अयोध्या में नागेश्वर महादेव के दर्शन करने आए एक श्रद्धालु ने प्रशासनिक व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा, “हमने भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक बहुत अच्छे तरीके से किया। यहां की व्यवस्थाएं अत्यंत प्रशंसनीय हैं। हमें बाबा नागेश्वर से कुछ मांगने की जरूरत नहीं है, वह खुद जानते हैं कि किसको क्या चाहिए।”

रामनगरी में शिव भक्तों के जयघोष और धार्मिक गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना में लीन हैं। सावन के इस पावन महीने में अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को देखने के लिए भी देश-विदेश से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

–आईएएनएस

पीएसएम/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More