अजमेर के जेएलएन अस्पताल में हेल्प डेस्क शुरू, मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा

अजमेर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के अजमेर स्थित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब तक जानकारी के अभाव में मरीजों को इधर से उधर भटकना पड़ता था जिसमें उनका काफी समय बर्बाद हो जाता था। लेकिन, अब उन्हें कहीं भटकना नहीं होगा।

राज्य सरकार के इस अस्पताल में आने वाली मरीजों की सहूलियत के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। अस्पताल के विभिन्न विभागों और डॉक्टरों से जुड़ी जानकारी मरीज यहां ले सकेंगे। इस डेस्क पर अस्पताल से जुड़े लोग मौजूद होंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यहां हेल्प डेस्क काउंटर शुरू होने के बाद मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। कौन सी जांच कहां होती है, किस बीमारी के लिए किस चिकित्सक को कहां दिखाना है, किसका ओपीडी कब होता है, कौन सा मरीज कहां भर्ती है – इन सबकी जानकारी हेल्प डेस्क से ली जा सकती है। उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क पर तीन लोग मौजूद रहेंगे। तीनों कर्मचारियों को शिफ्ट के अनुसार, ड्यूटी देनी होगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में हेल्प डेस्क की सुविधा इससे पहले प्रदेश के अन्य अस्पतालों में शुरू की जा चुकी है। इससे लोगों को काफी राहत मिलती है।

देवनानी ने कहा, “मैं यहां पर आया था तो मैंने अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों से इस बारे में चर्चा की। अधिकारियों ने मेरी बात को ध्यान में रखा और हेल्प डेस्क की शुरुआत की। आने वाले दिनों में यहां पर मिलने वाली सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। साथ ही खून जांच के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। इस व्यवस्था में सुधार करेंगे और प्रयास करेंगे कि लोगों को जल्द से जल्द रिपोर्ट मिल जाए।”

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More