हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का दावा, डंके की चोट पर बनेगी भाजपा सरकार

पानीपत (हरियाणा), 13 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेता अनिल विज शनिवार को पानीपत पहुंचे। उन्होंने प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा और दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में भी डंके की चोट पर भाजपा की सरकार बनेगी।

पानीपत में विपक्षी पार्टियों पर पर हमला करते हुए अनिल विज ने कहा कि राज्य में इनेलो, कांग्रेस और भाजपा की कभी न कभी सरकार बन चुकी है। ऐसे में लोग तुलना करें कि किस पार्टी ने क्या काम किया है। हमारे राज में डकैतियां नहीं हुईं, किसानों की जमीनें नहीं लूटी गईं। वहीं, कांग्रेस सरकार में नौकरियां बिकती थीं, भर्तियों की मंडियां सजती थीं।

दुष्यंत चौटाला के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कि भाजपा के साथ गठबंधन करने के कारण नुकसान हुआ, विज ने कहा कि वह चार साल भाजपा के साथ रहे। क्या उन्हें चार साल में पहले नहीं पता चला कि वह गलत रास्ते पर चल रहे हैं।

नायब सैनी की सरकार द्वारा मनोहर लाल सरकार के फैसले बदलने पर उन्होंने कहा, “यही तो प्रजातंत्र है। प्रजातंत्र में जनता की राय बहुत जरूरी होती है। इसलिए जनता की राय के मुताबिक फैसले बदलने पड़ते हैं।”

भाजपा द्वारा पहली बार हरियाणा में चुनाव से पहले सीएम चेहरा घोषित करने के सवाल पर अनिल विज ने कहा कि चेहरे वही पार्टी घोषित करती है जिन्हें चुनाव जीतने की उम्मीद होती है। जिन पार्टियों को चुनाव जीतने की उम्मीद नहीं होती है, वे चेहरे घोषित नहीं करते हैं।

हरियाणा में जेजेपी के भविष्य को लेकर विज ने कहा राजनीतिक तौर पर हरियाणा में सिर्फ भारतीय जनता पार्टी का भविष्य है, बाकी किसी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है। साथ ही इनेलो और बसपा के गठबंधन पर गृह मंत्री ने कहा कि कमजोर व्यक्ति ही सहारा लेता है। जब कमजोर व्यक्ति के हाथ-पैर नहीं चलते तो उन्हें लाठी का सहारा लेना पड़ता है।

ब्राह्मण समाज से मोहनलाल बडोली को अध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जातिगत राजनीति नहीं करती है। पार्टी मुद्दों की, विकास की और गरीबों को कैसे ऊपर उठना है, इसकी राजनीति करती है।

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More