झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, रांची के दीपाटोली में बाढ़ जैसी स्थिति

रांची, 2 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में रांची सहित राज्य के ज्यादातर जिलों में पिछले 12 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। रांची शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दीपाटोली में 50 से भी ज्यादा घरों में पानी घुस गया है और 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। उनके रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है।

अब तक 20 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। लोगों को बोट के जरिए सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है।

शहर के बरियातू जोड़ा तालाब और टुनकी टोला तालाब का पानी घरों में घुस गया है। पत्थलकुदवा, ढेलाटोली और खेत मुहल्ले में भी दर्जनों घरों में पानी घुस गया है। मोरहाबादी मैदान, राजभवन-बूटी रोड, हरमू रोड, मेन रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर ढाई से तीन फीट पानी बह रहा है।

इस बीच मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, दुमका, धनबाद, गोड्डा, देवघर, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में 3 अगस्त को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सतर्कता बरतने और जलजमाव वाले इलाकों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

पिछले तीन दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात की घटनाओं में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रामगढ़ जिले की दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर तक पहुंच रहा है। यहां भैरवी नदी के छिलका पुल के चार फीट ऊपर पानी बह रहा है।

दुमका में गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश से बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के पास पटरियां पानी में डूब गई हैं और रेल यातायात बाधित हो गया है। रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी भारी बारिश से उफन रही है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More