हरियाणा के पानीपत में युवक को घर से बाहर बुलाकर मारी गोली

पानीपत, 13 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के पानीपत से एक बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक के भाई के दोस्त ही उसके काल बन गए। दरअसल शनिवार सुबह चार बजे कुछ लोग युवक को उसके घर के बाहर बुलाया और फिर कार में बैठाकर पानीपत के सेक्टर 4 ले गए। वहां पर मामूली कहासुनी के बीच आरोपियों ने युवक को गोली मारी और घायल अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए।

पूरी घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित घायल दीपक का भाई धर्मेंद्र ने बताया कि वह तहसील कैंप का रहने वाला है। वह कल रात अपने दोस्तों अंकुश, रानी और 2 अन्य के साथ कार में सवार होकर रात को टोल प्लाजा के पास एक ढाबे पर खाना खाने गया था। खाने से पहले सभी ने शराब पी थी। इस दौरान दीपक की एक आरोपी अंकुश से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जब सभी खाना खाकर चलने लगे, तो फिर उनकी बहस हो गई। जिसके बाद सभी कार से उतर कर अपने-अपने घर चले गए।

धर्मेंद्र ने आगे बताया कि इसके बाद सुबह 4 बजे के करीब आरोपी ने धर्मेंद्र को फोन किया। लेकिन उसका फोन उसके बड़ा भाई दीपक ने उठाया। आरोपी उसे घर से बाहर बुलाते हैं और उसे कार में बैठाकर अपने साथ पानीपत के सेक्टर 6 ले जाते हैं। इसके बाद उससे 5 लाख रुपए और उसके भाई धर्मेंद्र को बुलाने की बात करते हैं। जब दीपक दोनों काम करने से मना कर देता है तो आरोपी उसे गोली मार देते हैं। इसके बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में कार में बैठाकर सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां अस्पताल के गेट पर उसे फेंककर फरार हो गए।

बता दें कि पूरे घटनाक्रम की सूचना जब परिजनों को मिली तो घायल को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां पर पीड़ित का इलाज चल रहा है। वहीं मामले की शिकायत लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

—आईएएनएस

एससीएच/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More