हरियाणा में भाजपा लगाएगी जीत का हैट्रिक : धर्मेंद्र प्रधान

करनाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने करनाल में पार्टी कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और लगातार तीसरी बार जीत का दावा किया।

धर्मेंद्र प्रधान सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव में उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में भाजपा सूबे की सभी 90 सीटों पर जीत का परचम लहराने जा रही है। कांग्रेस के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एक बार फिर से उसे हार का मुंह देखना होगा।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैली करेगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रदेश की सभी सीटों पर रैली हो। इसके अलावा, हम लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें अब तक नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से रू-ब-रू कराएंगे। हमें पूरा विश्वास है कि इस बार हम जीत की हैट्रिक लगाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे में जीत के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। इस दिशा में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश-ओ-खरोश के साथ लगे हुए हैं।”

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में रैली की। वह आगामी दिनों में विभिन्न जिलों में रैली करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने साफ कहा कि इस बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है। वह पिछले दो महीने से हरियाणा में घूम रहे हैं।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वह जब कभी-भी हरियाणा आते हैं, यहां धरातल पर हुए विकास को देखते हैं, लोगों में उत्साह देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए किए गए विकास कार्यों के बारे में लोग उन्हें बताते हैं। भाजपा की सरकार ने राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किए हैं।

उन्होंने कहा, “नायब सिंह सैनी सरकार ने प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति का काम किया है। हमारी प्रतिद्वंदी कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ चुका है। मैं एक विषय उल्लेख करना चाहता हूं। कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने अमेरिका में कहा था कि जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो आरक्षण खत्म किया जाएगा, लेकिन यह उनकी कोई नई रणनीति नहीं है। मुझे पूरा भरोसा है कि हरियाणा की जनता भाजपा को मौका देगी।”

उन्होंने कहा, “हरियाणा में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कोई और नहीं, बल्कि नायब सिंह सैनी ही होंगे, क्योंकि उनके नेतृत्व में पिछले 10 साल में प्रदेश में उल्लेखनीय विकास हुआ है।”

–आईएएनएस

एसएचके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More