हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी : धर्मेंद्र प्रधान

रोहतक, 23 जून (आईएएनएस)। हरियाणा के रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त सांसदों, प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान का सम्मान समारोह रविवार को आयोजित किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अगले सौ दिन जी-जान से मेहनत करें। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने वाली है।

इस दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी संविधान का सम्मान नहीं किया। कांग्रेस ने हमेशा संविधान के साथ खिलवाड़ करने की नीति पर काम किया, वह लूट की राजनीति करती है। भाजपा का लक्ष्य कांग्रेस के भ्रष्टाचार को जनता के सामने लाना है।

कार्यकर्ताओं को रीढ़ की हड्डी बताते हुए उन्होंने कहा कि आगामी सौ दिनों में भाजपा हर जिले में पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बात सुनेगी और जहां कहीं भी कमी रह गई है उसे दूर करेगी। हरियाणा सरकार की ओर से जनता को दी जा रही सुविधाओं में अगर कहीं कमी रह गई है तो उसे दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि हरियाणा में अगर दूसरी पार्टी की सरकार बन जाती है तो भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था कैसे बन पाएगा?

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को साथ लेकर चलेगा और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी। आज का यह कार्यक्रम हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज है। अगले तीन महीने में कांग्रेस पार्टी की नींव ढह जाएगी, धर्मेंद्र प्रधान के गुरु मंत्र को पार्टी कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएंगे। दस साल के शासनकाल में उनकी सरकार ने सभी वर्ग के लोगों के हित में काम किया है, इसलिए एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। लोकसभा में भले ही मिला-जुला चुनाव परिणाम रहा हो, लेकिन केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाकर जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी की गई है। विपक्ष ने लोकसभा चुनाव के दौरान बहुत हथकंडे अपनाए और कुछ लोगों को बहकाने में भी कामयाब हो गए। विधानसभा चुनाव में भी विपक्षी दलों की ओर से इस तरह के हथकंडे अपनाये जाएंगे, इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता को सजग रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की पहली प्राथमिकता जनता को घर बैठे योजनाओं का लाभ देना है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई तो वह ‘धींगा-मुश्ती’ वाली सरकार होगी। इस सरकार में भाई-भतीजावाद का बोलबाला रहेगा। इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता मेहनत करें और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में अपना योगदान दें।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More