हरियाणा: पंचकूला में गौ सेवा सम्मेलन का आयोजन, सीएम सैनी ने की शिरकत

पंचकूला, 5 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के पंचकूला में सोमवार को गौ सेवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।

गौ सेवा सम्मेलन में सीएम के अलावा पशुपालन एवं डेयरी मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुदा, ज्ञानानंद जी महाराज और गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग उपस्थित रहे।

मालूम हो कि, हरियाणा सरकार गोवंश के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। गाय को सड़कों से हटाकर गौशाला में भेजा जा रहा है। सरकार ने इसके लिए करीब 70 करोड़ रुपए का बजट रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक राज्य सरकार के पास 675 रजिस्टर्ड गौशाला हैं। करीब 50 गौशाला बिना पंजीकरण के चल रही है।

हरियाणा में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ने के चलते कई समस्याएं देखी जा रही हैं। शहर के बाजारों, सब्जी मंडी, फल मंडी और अन्य जगहों पर आवारा मवेशी सड़कों पर बैठे हुए नजर आते हैं। ऐसी स्थिति में सड़कों पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा, मवेशी भी कई बार भारी वाहनों की चपेट में आ जाते हैं, जिसके कारण कई बार उनकी भी मौत हो जाती है। कई मामलों में पशुओं के मालिक उन्हें सड़कों पर आवारा छोड़ देते हैं।

इस समस्या को खत्म करने की दिशा में राज्य सरकार काम कर रही है। गौ सेवा आयोग के अनुसार हिसार जिले में आवारा पशुओं की संख्या सबसे अधिक है। आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, हिसार में करीब 9,500 लावारिस पशु हैं, जो सड़कों पर घूमते हुए नजर आते हैं। आयोग ने सड़क से आवारा पशुओं को हटाने के लिए एक अभियान भी शुरू किया है। जिसके अंतर्गत सड़कों पर घूमने वाली गाय को गौशाला भेजा जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएम/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More