हरियाणा : चुनाव की घोषणा से कांग्रेस आश्चर्यचकित, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

रोहतक, 17 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा के कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अचानक चुनाव की घोषणा आश्चर्यचकित करता है।

उन्होंने कहा कि इस बात का अंदेशा नहीं था कि चुनाव की घोषणा इतने पहले ही कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार बयान दे रहे थे कि चुनाव समय पर होंगे। इससे लग रहा था कि समय पर ही चुनाव करवाए जाएंगे।

सीएम के बयान से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि चुनाव को लेकर उनकी केंद्र सरकार से या गृह मंत्रालय से बात चल रही थी। लेकिन शायद उनको भी पता नहीं था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और हमें सफलता मिलेगी। प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है। भाजपा साढ़े नौ साल से जनता के लिए घोषणाएं कर रही है, लेकिन इससे कोई फायदा नहीं है। जनता हमारे साथ है, हमें चुनाव में जीत मिलेगी।

कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा बड़ा चेहरा हैं। लेकिन मुख्यमंत्री फेस का फैसला कांग्रेस का हाईकमान करता है। एक चीज जो मुझे लगती है हरियाणा की जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। इस विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, किसान, व्यापारियों का मुद्दा सबसे बड़ा होगा।

बता दें कि हरियाणा में एक अक्टूबर को सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां वोटों की गिनती चार अक्टूबर को होगी, इसके नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे। हरियाणा में पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था।

चुनाव में भाजपा को 40 और जननायक जनता पार्टी को 10 सीटें हासिल हुई थीं। दोनों पार्टियों ने मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। मनोहर लाल खट्टर लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। वहीं दुष्यंत चौटाला ने उप-मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी।

इसके बाद भाजपा और जेजेपी का गठबंधन टूट गया था। मनोहर लाल ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वो करनाल लोकसभा सीट से चुनाव जीत कर केंद्र की राजनीति में चले गए। इसी बीच नायब सिंह सैनी को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More