हरियाणा में दूसरे दिन भी ईडी की रेड जारी, इनेलो के दो वरिष्ठ नेताओं के घर छापा

हिसार, 10 जुलाई (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय की टीम हरियाणा में दो दिनों से छापेमारी कर रही है। प्रदेश में विभिन्न जगहों पर नेताओं और कारोबारियों के घरों पर छापेमारी चल रही है। इसी कड़ी में हिसार में बुधवार सुबह सात बजे ईडी ने इनेलो के वरिष्ठ नेता राम भगत गुप्ता के ग्रीन पार्क स्थित घर और उनके बेटे संजय गुप्ता के ऑटो मार्केट स्थित महिंद्रा शोरूम पर छापेमारी की।

ईडी की टीम की कार्रवाई सुबह से ही चल रही है। इस दौरान किसी को भी घर और शोरूम में न तो घुसने दिया जा रहा है न ही बाहर जाने दिया जा रहा है। विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई को जीएसटी चोरी से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, शहर के अर्बन स्टेट एरिया में कोठी नंबर दो स्थित अंजनी खारिया वाला के आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही है। अंजनी खारिया वाला अग्रसेन भवन के प्रधान हैं। उनके आवास पर सुबह से ही ईडी की छापेमारी चल रही है। वहीं हांसी की अनाज मंडी में भी एक कारोबारी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी हुई है।

आपको बता दें कि 24 जून को इनेलो नेता राम भगत गुप्ता के बेटे संजय गुप्ता के महिंद्रा शोरूम से तीन बदमाशों ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इस दौरान शोरूम पर करीब 30 राउंड फायरिंग की गई थी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बदमाश मौके से फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस इस मामले में किसी भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है।

वहीं, मंगलवार की रात प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा में कई साल पहले हुए दस हजार करोड़ के वैट रिफंड घोटाले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 14 जिलों में छापेमारी की। ईडी की यह कार्रवाई घंटो तक जारी रही। हरियाणा में वैट घोटाले की शुरुआत कैथल से हुई थी। ईडी ने वैट घोटाला मामले में सेवानिवृत्त उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त नरेंद्र कुमार रंगा के घर पर छापा मारा। इस दौरान ईडी द्वारा कई दस्तावेज खंगाले गए।

–आईएएनएस

सीबीटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More