सरकार लोकसभा में दोपहर एक बजे पेश करेगी वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन से जुड़े दोनों बिल

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्र सरकार लोकसभा में दोपहर एक बजे वक्फ बोर्ड कानून में संशोधन से जुड़े दोनों विधेयकों को पेश करेगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में बताया कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा पेश किए जाने वाले विधेयक शून्यकाल के बाद दोपहर एक बजे सदन में लिए जाएंगे।

वक्फ बोर्ड को मिले असीमित अधिकारों को कम कर इसकी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और इसमें मुस्लिम महिलाओं समेत मुस्लिम समाज के अन्य पिछड़े वर्ग, शिया, सुन्नी, बोहरा और आगाखानी जैसे वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा में इन विधेयकों को पेश करने के दौरान विपक्षी दलों की तरफ से हंगामा हो सकता है।

कांग्रेस सहित अन्य कई सांसदों ने इसके विरोध में नोटिस दिया है। यह बताया जा रहा है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कई अन्य विरोधी दलों के सांसद लोकसभा में इन विधेयकों को पेश करने का विरोध कर सकती है।

आपको बता दें कि, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू वक्फ (संशोधन ) विधेयक 2024 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक 2024 को दोपहर एक बजे लोकसभा में पेश करेंगे।

पहले बिल के जरिए वक्फ कानून 1955 में महत्वपूर्ण संशोधन लाए जाएंगे वहीं दूसरे बिल के जरिए मुसलमान वक्फ कानून 1923 को समाप्त किया जाएगा।

लोकसभा की कार्यसूची के अनुसार, गुरुवार को केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू भारतीय वायुयान विधेयक- 2024 और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल गोवा विधानसभा में अनुसूचित जनजाति को प्रतिनिधित्व देने वाले विधेयक को पारित करने का प्रस्ताव भी सदन में रखेंगे।

–आईएएनएस

एसटीपी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More