मनीष सिसोदिया की जमानत केंद्र सरकार के मुंह पर तमाचा : दीपक बैज

रायपुर, 10 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को आईएएनएस से खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मनीष सिसोदिया की जमानत, आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम के शामिल नहीं होने और बांग्लादेश की स्थिति पर प्रतिक्रिया जाहिर की।

मनीष सिसोदिया की जमानत पर उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से केंद्र सरकार के मुंह पर तमाचा है। चुनी हुई सरकार को डराना, गिराने की कोशिश करना और पार्टी के लोगों को फंसाना गलत है। ईडी, सीबीआई और आईटी के माध्यम से राजनेताओं को फंसाने का काम मोदी सरकार लगातार करते आ रही है। मनीष सिसोदिया की जमानत कहीं ना कहीं सरकार के मुंह पर तमाचा है।

मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को 17 मीहने जेल में रहने के बाद आखिरकार जमानत दे दी। वो शुक्रवार देर शाम रिहा हुए।

आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री के शामिल नहीं होने पर बैज ने कहा कि मैंने पहले ही अंदेशा जताया था कि इस सरकार ने अब तक ऐसा कोई काम नहीं किया है कि आदिवासियों के बीच जाकर अपनी उपलब्धि बता सके। आदिवासी मुख्यमंत्री और आदिवासियों के वोट बैंक का इस्तेमाल कर सरकार बनाई और फिर आदिवासियों को फर्जी एनकाउंटर, फर्जी नक्सलियों के नाम से जेल भेजने, फर्जी सरेंडर करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि मलेरिया और डायरिया से लगातार आदिवासियों की मौतें हो रही हैं, आदिवासियों की हत्या भी हो रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने आदिवासियों के लिए ऐसा कोई भी काम नहीं किया है जिसे लेकर वह आदिवासियों के बीच जा सके। मैं समझता हूं कि कल (शुक्रवार) के कार्यक्रम में सीएम का नहीं पहुंचाना कहीं ना कहीं आदिवासियों का अपमान है। मुख्यमंत्री आरएसएस के दबाव में काम कर रहे हैं।

वहीं, बांग्लादेश के हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की हालत बिल्कुल भी ठीक नहीं है। वहां लगातार शांति बनाए रखने की अपील हो रही है। आने वाले समय में वहां की स्थिति जल्द स्थिर होगी, मुझे ऐसा विश्वास है‌।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More