गोवा में फार्मा कंपनी ने भर्ती के लिए महाराष्ट्र से उम्मीदवारों को आमंत्रित किया, विपक्ष नाराज

पणजी, 22 मई (आईएएनएस)। गोवा में अपना प्लांट चलाने वाली टॉप फार्मा कंपनियों में से एक ने महाराष्ट्र से उम्मीदवारों की भर्ती की कोशिश शुरू की है। इसको लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और इस प्रथा को रोकने के लिए सीएम प्रमोद सावंत से हस्तक्षेप की मांग की।

कंपनी ने इस हफ्ते महाराष्ट्र में निर्धारित दो दिनों के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को आमंत्रित किया है।

भर्ती विज्ञापन पर गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गोवा में नौकरियों के लिए राज्य के युवाओं की अनदेखी करना अपमानजनक है।

गोवा में एक फार्मा प्लांट के लिए महाराष्ट्र में आयोजित होने वाला वॉक-इन इंटरव्यू गोवा के लोगों को काम पर रखने से बचने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास है। यह राज्य का अपमान है। ऐसा तब होने दिया जा रहा है, जब गोवा की बेरोजगारी दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है।

उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि सीएम प्रमोद सावंत तुरंत हस्तक्षेप करें और नौकरियों की तलाश में दर-दर भटक रहे गोवा के युवाओं के लिए खड़े हों। उन्होंने सवाल किया कि यदि गोवा के लोगों को गोवा में उद्योगों से लाभ नहीं होता है, तो उन्हें यहां क्यों रखा गया है?”

इसके अलावा उन्होंने कहा, “मैं प्राइवेट सेक्टर में गोवावासियों के लिए प्रस्तावित 80 प्रतिशत नौकरी आरक्षण को लागू करने की मांग करता हूं। मैं मांग करता हूं कि सरकार हमारे युवाओं के कौशल और रोजगार क्षमता को बढ़ाने में निवेश करे।”

रिवोल्यूशनरी गोवा पार्टी के प्रमुख मनोज परब ने कहा, “कंपनी गोवा में और इंटरव्यू महाराष्ट्र में। गोवा में फार्मा कंपनियों का ये रवैया सारी हदें पार कर गया है। भाजपा सरकार ने हमारी नौकरियां प्रवासियों को बेच दी हैं। हमारे पास स्थानीय लोगों के लिए कोई मजबूत नौकरी आरक्षण नीति नहीं है।”

कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा और प्रमोद सावंत से दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार से लौटने और अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने को कहा है।

–आईएएनएस

एफजेड/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More