सिरसा रोड शो में बोलीं प्रियंका गांधी, ‘हरियाणा में कांग्रेस की लहर’

सिरसा (हरियाणा), 23 मई (आईएएनएस)। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर छठे चरण के प्रचार के अंतिम दिन तमाम राजनीतिक पार्टियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सिरसा से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा के समर्थन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रोड शो किया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सिरसा से कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शैलजा के समर्थन में मतदान करने की अपील की ।

वहीं इस मौके पर प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ”हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लहर है। लोग इनकी सत्ता के लालच की राजनीति से थक चुके हैं। इस बार बदलाव जरूर आएगा।”

प्रियंका गांधी का रोड शो जनता भवन रोड से शुरू होकर जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक परशुराम चौक से होते हुए डॉक्टर भीमराव अंबेडकर चौक पर समाप्त हुआ। कांग्रेस के इस रोड शो में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने और समर्थन से प्रियंका गांधी गदगद नजर आईं।

प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ”आज लोग महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी अपनी सत्ता के लालच में अपनी राजनीति कर रही है। इन्हें आम जनता की कोई परवाह नहीं है।”

इस रोड शो में कुमारी शैलजा और पार्टी की विधायक किरण चौधरी के साथ, प्रियंका गांधी ने एक खुले वाहन में यात्रा की।

यह राज्य में प्रियंका गांधी का पहला राजनीतिक कार्यक्रम था जहां लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार का गुरुवार को आखिरी दिन है।

हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा।

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More