नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क के जंगलों में लगी आग पर 18 घंटे बाद पाया काबू

जोशीमठ (उत्तराखंड), 3 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के जोशीमठ के पास सेलंग के जंगलों में लगी आग पर 18 घंटे बाद काबू पा लिया गया है।

नगर क्षेत्र की सीमा से पहले महज दो किलोमीटर की दूरी पर वन विभाग की सेलंग झडकुला रिजर्व फॉरेस्ट संख्या एक के चीड़, देवदार, बांज, बुरांश के घने जंगलों में लगी आग से धुआं अब भी उठ रहा है, हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है।

इस धुएं से स्थानीय लोगों और चार धाम यात्रा, हेमकुंड साहिब तीर्थ के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों को भी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। राहत भरी खबर यह रही कि करीब 18 घंटे की जद्दोजहद के बाद आखिरकार वन कर्मियों, एसडीआरएफ, दमकल, जोशीमठ पुलिस और सेलंग गांव के ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से रविवार देर रात तक दावानल पर काबू पा लिया गया। धुएं का गुबार कम होने से नगरवासियों ने भी राहत की सांस ली है।

नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क जोशीमठ के रिजर्व फॉरेस्ट कंपार्टमेंट वन सेलंग झड़कूला के जंगलों में पिछले 18 घंटे से धधक रहे दावानल के कारण धुएं का गुबार बद्रीनाथ हाई-वे तक पहुंच गया था जिसके कारण यात्री वाहनों को भी कुछ देर हाई-वे पर दोनो छोर पर रोके रखना पड़ा।

नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क सेलंग रिजर्व फॉरेस्ट संख्या एक के जंगलों में शनिवार देर शाम से धधकी आग पर काबू पाने के लिए डीएफओ नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क बी.वी. मर्तोलिया के दिशा-निर्देश में पार्क कर्मियों, एसडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग की पूरी टीम रविवार देर रात तक लगातार आग पर काबू पाने में युद्ध स्तर पर जुटी रही। तेज हवाओं के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाई-वे के दोनों तरफ के चीड़ देवदार के जंगल भरी दोपहरी में धू-धू कर जलते नजर आए। साथ ही सड़क पर पत्थर गिरने के कारण पुलिसकर्मियों को हाई-वे पर वाहनों को एहतियातन कई बार रोकना पड़ा।

हाई-वे के ऊपर के जंगलों में लगी आग को तो बुझा लिया गया है, लेकिन निचले हिस्से में चीड़ के जंगल में आग अब भी धधक रही है। पार्क के अधिकारियों की मानें तो चीड़ के पिरुल की अधिकता वाले जंगल होने के कारण बड़ी मात्रा में धुएं के गुबार बनने से आग बुझाने में जुटे कर्मियों को सांस लेने में दिक्कतें हो रही हैं।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More