भारतीय किसान संघ ने मोदी सरकार के बजट का किया स्वागत

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े किसानों के संगठन भारतीय किसान संघ ने मोदी सरकार के बजट का स्वागत करते हुए इसे कृषि एवं किसान हितैषी और प्राकृतिक खेती एवं अधिक उत्पादकता को बढ़ावा देने की प्राथमिकता वाला बजट करार दिया है।

भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि भारतीय किसान संघ कृषि व किसान हितैषी तथा इनसे जुड़े क्षेत्रों के हित संवर्धन वाले इस बजट का स्वागत करता है। सरकार ने इस बजट में अनाज की अधिक उत्पादकता व प्राकृतिक खेती को प्राथमिकता दी है। जलवायु परिवर्तन की दृष्टि से कृषि क्षेत्र में होने वाले परिवर्तन के लिए अनुसंधान व शोध के लिए सरकार ने बजट में प्रावधान किया है। साथ ही जलवायु के अनुसार कृषि क्षेत्र के लिए 32 और बागवानी फसलों की अधिक उपज देने वाली नई 109 किस्में किसानों को देने की बात कही है, जो कि अच्छा कदम है।

उन्होंने आगाह करते हुए यह भी कहा कि अधिक उत्पादन के नाम पर यदि जीएम फसलों को अनुमति दी जाएगी तो किसान संघ इसका विरोध करेगा। साथ ही अनुसंधान व शोध कार्यों के लिए निजी क्षेत्र की बजाए आईसीएआर को अधिक बजट राशि देने की बात भी कही।

बीकेएस नेता ने आगे कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक करोड़ किसानों को प्रमाणीकरण व ब्रांडिंग में मदद कर प्रोत्साहन देने की बात बजट में की है। जिसके लिए उन्होंने बजट में दस हजार जैव इनपुट संसाधन केंद्र खोलने का प्रावधान किया है, जो सराहनीय है और जहरमुक्त खेती की दिशा में सरकार का सार्थक कदम है।

उन्होंने कहा कि सब्जी उत्पादक किसानों के लिए क्लस्टर बनाकर तथा दलहन व तिलहन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए उसके उत्पादन, भंडारण व विपणन में विशेष अभियान के तहत रणनीति बनाने के प्रावधान बजट में शामिल किए गए हैं। इससे लघु व सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा। पांच राज्यों में जन समर्थ आधारित किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के माध्यम से देश के 400 जिलों में खरीफ फसलों का सर्वेक्षण किया जाएगा, यह स्वागतयोग्य कदम है। बजट में सरकार ने कृषि क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के विकास व जनजातीय उन्नयन ग्राम योजना की घोषणा की है। जिससे सुदूर क्षेत्रों में निवासरत बड़ी संख्या में आदिवासी परिवारों को लाभ मिलेगा।

भारतीय किसान संघ ने कहा कि बजट स्वागतयोग्य है, लेकिन जीएम जैसी विफल अवैज्ञानिक, खतरनाक तकनीकी को अधिक उपज देने वाली व जलवायु के अनुकूल होने के झूठे दावे के आधार पर पिछले दरवाजे से प्रवेश नहीं दिया जाए और योजनाएं बनाते समय इसका ध्यान रखा जाए।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More