नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी की जांच कर रही सीबीआई टीम पहुंची गोधरा

अहमदाबाद, 20 जुलाई (आईएएनएस)। नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ी मामले की जांच कर रही सीबीआई शनिवार को गोधरा पहुंची। आरोप है कि गोधरा के 27 उम्मीदवारों से आरोपियों नीट यूजी परीक्षा पास कराने के एवज में 10 लाख रुपए लिए थे।

अब तक गोधरा से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन्होंने पश्न पत्र हल करने में छात्रों की मदद की थी। इसके बाद पुलिस ने इन पर शिकंजा कसते हुए इन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार हुए आरोपियों में से एक ने शुक्रवार, 19 जुलाई को जमानत के लिए कोर्ट में याचिका भी दाखिल की थी, लेकिन पंचमहल जिला अदालत के सत्र न्यायाधीश ने यह याचिका खारिज कर दी। बताया जा रहा है कि सीबीआई इन सभी आरोपियों से इस मामले में पूछताछ कर सकती है।

आरोप है कि गोधरा के 27 उम्मीदवारों से आरोपियों नीट यूजी परीक्षा पास कराने के एवज में 10 लाख रुपए लिए थे। इस संबंध में गोधरा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत इन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

दरअसल, पांच मई को परीक्षा आयोजित होने के तीन दिन बाद गोधरा में परीक्षा में हुई अनियमितता को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इस मामले में पंचमहल के पुलिस अधीक्षक हिमांशु सोलंकी ने कहा था, “सीबीआई ने गोधरा पहुंचकर संबंधित पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी। हम जांच एजेंसी को इस मामले में पूरा सहयोग करेंगे और हमारी भी कोशिश रहेगी कि सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।”

बता दें कि बीते रविवार को गुजरात के गृह विभाग ने एक अधिसूचना जारी की थी। इसमें नीट यूजी मामले की जांच अब राज्य पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंपने की बात कही थी। अधिसूचना के बाद इस मामले को सीबीआई को सौंपे जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया। इस मामले में बीते दिनों पुलिस ने गोधरा के एक स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इन सभी से पूछताछ भी हुई, लेकिन अभी इन्होंने मामले के संबंध में ऐसा कोई खुलासा नहीं किया है, जिससे किसी नतीजे पर पहुंचा जा सके।

गोधरा के जिलाधिकारी को 9 मई को पता चला कि यहां एक स्कूल में आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा में कुछ लोग गड़बड़ी करते हुए पाए गए। इन लोगों ने नियमों को ताक पर रखते हुए छात्रों को पास कराया और उनके लिए मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का मार्ग प्रशस्त करने का प्रयास किया।

जिला अधीक्षक सोलंकी ने कहा था, “तुषार भट्ट, स्कूल के प्रिंसिपल परषोत्तम शर्मा, वडोदरा स्थित शिक्षा सलाहकार परशुराम रॉय, उनके सहयोगी विभोर आनंद और कथित बिचौलिए आरिफ वोहरा शामिल हैं।”

बता दें कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट में भी नीट यूजी परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने एनटीए को निर्देश दिया था कि वो छात्रों के मार्कशीट को राज्यवार तरीके से वेबसाइट पर अपलोड करे। शनिवार, 20 जुलाई को नीट परीक्षा का रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

–आईएएनएस

एसएचके/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More