नरभक्षी भेड़ियों के हमले से लोगों में दहशत, वन विभाग और पुलिस की स्पेशल टीम तैनात

बहराइच, 28 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का महसी इलाका नरभक्षी भेड़ियों के हमले से परेशान है। भेड़ियों के हमले को देखते हुए वन मंत्री अरुण सक्सेना और प्रमुख वन संरक्षक रेनू सिंह बुधवार को बहराइच पहुंचे।  

महसी इलाके के करीब 50 गांव के लोग नरभक्षी भेड़ियों के डर के साये में जी रहे हैं। वो अपने परिजनों की रक्षा के लिए लगातार दिन-रात लाठी डंडा लेकर समूह बनाकर चलने पर मजबूर हैं।

वन मंत्री अरुण सक्सेना और प्रमुख वन संरक्षक रेनू सिंह ने हमलाग्रस्त इलाके का जायजा लिया। नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ने के लिए कुल 11 टीम लगाई गई है। वो ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी कर रहे हैं और नरभक्षी को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

वन मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि वन विभाग की टीम लगातार नरभक्षी भेड़िए को पकड़ने की कोशिश कर रही है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और गांव के लोगों को इस समस्या से निजात दिलाया जाएगा। वन मंत्री ने यह भी बताया कि पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से मुआवजा भी दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि वो डरे नहीं। सरकार की तरफ से इंतजाम किए जा रहे हैं। बिजली और सुलभ शौचालय की व्यवस्था कराई जा रही है। पुलिस और वन विभाग मौजूद है और पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

वन मंत्री अरुण सक्सेना ने गांव के लोगों से सुरक्षा के लिहाज से खुद भी सतर्कता बरतने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि रात को दरवाजा बंद करके सोएं। दिन में बाहर निकलते समय हाथ में लाठी और डंडे लेकर चलें। हमें उम्मीद है कि सारे भेड़ियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

वहीं प्रमुख वन संरक्षक रेनू सिंह ने कहा कि यह बहुत बड़ी समस्या है कि गांव के लोगों के ऊपर नरभक्षी भेड़िए हमला कर रहे हैं। इन हादसों में लोगों की मौत भी हो चुकी है। वन विभाग की स्पेशल टीम को नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। 3 नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है और बाकि को भी जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।

—आईएएनएस

/एसएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More