सत्य निकेतन पीजी हादसे में मृतकों की संख्या 6 पहुंची, मलबे में जारी है तलाश

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए पीजी हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। हादसे के बाद एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन विभाग, दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।

हादसा साउथ कैंपस स्थित श्री वेंकटेश्वर कॉलेज के सामने सत्य निकेतन की रिहायशी कॉलोनी में रविवार दोपहर हुआ। हादसे में पी-14 नामक इमारत का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। बचाव दल मलबा हटाकर उसमें फंसे अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं।

घटना के बाद पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घनी आबादी वाले दिल्ली के इलाकों में अग्निशमन और भवन सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पी-14 इमारत का निर्माण 1990 के दशक में हुआ था।

दिल्ली सरकार ने हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, पुलिस ने कथित मालिक हरि राम और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों और इमारत की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

उप राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने हादसे पर चिंता जताते हुए दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा और डीडीएमए समेत संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके साथ मंत्री कपिल मिश्रा, मेयर प्रवेश वाही, सांसद बांसुरी स्वराज और विधायक अनिल शर्मा भी मौके पर पहुंचे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत कर हादसे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दिल्ली सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही एम्स नई दिल्ली और दिल्ली के केंद्रीय सरकारी अस्पतालों के निदेशकों को घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है और बचाव दल पूरी सतर्कता के साथ अभियान में जुटे हुए हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More