दिल्ली की ‘आप’ सरकार भ्रष्टाचारी, अरविंद केजरीवाल को देना चाहिए इस्तीफा : वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार को भ्रष्टाचारी बताते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की है।

वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली की सत्ताधारी पार्टी पर सदन में बेवजह हंगामा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “वे सदन में हंगामा इसलिए करते हैं क्योंकि उनके पास विषय नहीं हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ बोल नहीं सकते हैं, तो अपनी चोरी और भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए शोर मचाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली में एक नौजवान अपनी जान गवां देता है। यमुना की हालत जो उन्होंने की है, आज तक गंदे नाले की पानी उसमें जा रहा है। यमुना का पानी जब हरियाणा से आता है तो साफ रहता है, लेकिन वजीराबाद के बाद गंदा नाला बन जाती है, उस पर एक शब्द नहीं बोलेंगे। यह भ्रष्टाचार और दिल्ली को नाश करने वाली सरकार है।”

यमुना की गंदगी पर केजरीवाल सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल की सरकार भ्रष्टाचारी सरकार है। आज जो यमुना की हालत है, आप जाकर देख सकते हैं, झाग इतना भरा हुआ है। सारे केमिकल और गंदे नाले यमुना में गिर रहे हैं। एसटीपी प्लांट बंद करने के नाम पर केन्द्र सरकार ने हजारों करोड़ रुपये दिल्ली सरकार को दिए। लेकिन यह भ्रष्टाचारी सरकार उन पैसों को पी गई। जिस यमुना में डुबकी लगाने का वादा अरविंद केजरीवाल ने एक नहीं दो-दो, तीन-तीन बार किया, पूरे मंत्रिमंडल के साथ किया, आप जाकर उसकी हालत देख सकते हैं। दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार के कारण यमुना की खराब हालत है।”

करंट लगने से युवक की मौत होने पर सरकार को घेरते हुए भाजपा नेता ने कहा, “15-20 मिनट की बारिश में जलभराव होता है। बिजली की तारें खुली हुई हैं। करंट लगता है और एक नहीं, दिल्ली में 12-13 मौतें ऐसी हो चुकी हैं। दिल्ली की सरकार मुंह बंद करके बैठी है। वे ऐलान करते हैं कि मुआवजा देंगे, लेकिन उस बच्चे ने यूपीएससी का एग्जाम पास किया था। वह देश का होनहार भविष्य था, आगे चलकर देश की सेवा करता। अरविंद केजरीवाल सरकार की यह लापरवाही है और उनको तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।”

— आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More