राष्ट्रपति भवन में रक्षा बंधन, छात्रों के लिए रहा यादगार पल

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। देशभर के कई राज्यों से आए छात्र-छात्राओं ने सोमवार को रक्षा बंधन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देश भर के छात्रों के साथ राष्ट्रपति भवन में रक्षा बंधन का पर्व मनाया। बच्चों के लिए यह यादगार पल रहा।

उन्होंने रक्षा बंधन का पर्व राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रियों के साथ मनाया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि वह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ रक्षा बंधन मनाने के लिए देश भर से आए छात्रों के साथ राष्ट्रपति भवन गए। इस दौरान राष्ट्रपति भवन में कई छात्राओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और जयंत चौधरी को राखी बांधी। धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रपति का आभार भी जताया।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छात्रों को आशीर्वाद दिया और उनका मार्गदर्शन किया। मैं इस रक्षा बंधन को हमारे युवा मित्रों के लिए विशेष बनाने के लिए राष्ट्रपति जी का आभारी हूं।”

वहीं, हरियाणा के स्कूली छात्रों ने राष्ट्रपति से मिलने और राखी बांधने के अविश्वसनीय अवसर के लिए शिक्षा मंत्रालय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। छात्रों का कहना था कि उनके लिए यह बेहद गर्व और खुशी का क्षण है, जिसे वे जीवन भर हमेशा याद रखेंगे। उत्तर पूर्वी राज्यों से आए छात्र भी राष्ट्रपति से मुलाकात को लेकर रोमांचित थे। अरुणाचल प्रदेश के छात्रों ने कहा कि वे भी इस बात से रोमांचित हैं कि उन्हें रक्षा बंधन के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिला है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक रक्षा बंधन की इस खूबसूरत परंपरा को छात्रों ने बड़े उत्साह और खुशी के साथ मनाया।

छात्रों के साथ हुई इस मुलाकात से पहले सोमवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रक्षा बंधन के अवसर पर सभी देशवासियों को अपना बधाई संदेश दिया। राखी के त्योहार पर दिए गए अपने इस महत्वपूर्ण संदेश में राष्ट्रपति ने महिलाओं की सुरक्षा और उनका सम्मान सुनिश्चित किए जाने की बात की। उन्होंने कहा, “मैं चाहूंगी कि इस पर्व के दिन सभी देशवासी, हमारे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करने का संकल्प लें।”

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More