स्वतंत्रता दिवस भारत के लिए उत्सव, जवान व किसान भारत की रीढ़ : डॉ. ब्रह्मानंदम

हैदराबाद, 15 अगस्त (आईएएनएस)। हैदराबाद के बेगम बाजार में भगत सिंह युवा सेना के प्रदेश अध्यक्ष लड्डू यादव द्वारा आयोजित 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में अभिनेता और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. ब्रह्मानंदम ने हिस्सा लिया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, इसके बाद हमें आजादी मिली। स्वतंत्रता दिवस भारतीयों के लिए संक्रांति, रमजान और क्रिसमस जैसा त्योहार है। देश की रक्षा करने वाले जवान और देश का पेट भरने वाले किसान भारत की रीढ़ है।

उन्होंने दुख जाहिर करते हुए कहा कि आज के युवाओं में सिनेमाघरों में बजने वाले राष्ट्रगान को सुनने का धैर्य नहीं है। ब्रह्मानंदम ने युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास और बलिदान के बारे में जानने और पढ़ने के बारे में कहा। इस अवसर पर ब्रह्मानंदम ने स्कूली छात्रों को बैग और विकलांगों को व्हीलचेयर वितरित की।

वहीं तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए बलिदान को याद क‍िया और उन्‍हें श्रद्धांजलि दी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि आधुनिक भारत को आकार देने में स्वतंत्रता सेनानियों और कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भारत का स्वतंत्रता संग्राम इस मायने में अनूठा है, क्योंकि स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए भारत ने अहिंसा और महात्मा गांधी के शांति के मार्ग को अपनाया। महात्मा गांधी ने दुनिया को दिखाया कि हिंसा के बिना भी स्वतंत्रता प्राप्त की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हैदराबाद के गोलकुंडा किले में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद पुलिस अधिकारियों को उनकी सेवाओं के लिए पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उसके बाद सिकंदराबाद के परेड मैदान स्थित सेना शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More