गाजियाबाद में भी कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई मतगणना

नोएडा/गाजियाबाद, 4 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की मतगणना जारी है। गाजियाबाद में अनाज मंडी और नोएडा के फूल मंडी में मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है।

गाजियाबाद में ​जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह द्वारा विधानसभावार पांचों विधानसभाओं के प्रेक्षकों एवं भाजपा, गठबंधन प्रत्याशी, एजेंटों सहित अन्य प्रत्याशियों और उनके एंजेटों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले गए और सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट की नोएडा और दादरी विधानसभा की मतगणना 21-21 टेबल पर हो रही है। इन दोनों विधानसभा में बूथों की संख्या अधिक है। अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों में 14-14 टेबल पर मतों की गिनती जारी है। ऐसे में गौतमबुद्ध नगर का परिणाम जल्दी आने की उम्मीद है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट की तीन विधानसभा क्षेत्रों की गणना नोएडा के फेज-2 फूल मंडी में हो रही है। जबकि, खुर्जा और सिकंदराबाद विधानसभा की मतगणना बुलंदशहर की नवीन मंडी अनूपशहर रोड पर हो रही है। ईटीपीबी की मतगणना के लिए तीन विधानसभा क्षेत्र में 13 टेबल लगी हैं। डॉक मतपत्रों की मतगणना 10 टेबल पर हो रही है। इनकी गिनती होने के बाद ईवीएम की मतगणना की जाएगी।

नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्र में बूथों की संख्या 700 से अधिक है। जेवर, खुर्जा व सिकंदराबाद में बूथों की संख्या 398 से 433 के बीच है। गौतमबुद्ध नगर में मतगणना में 349 कर्मचारियों को लगाया गया है। हर टेबल पर चार कर्मी हैं। 56 कर्मियों को रिजर्व रखा गया है। मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रयोग पर रोक है।

गौतमबुद्ध नगर में 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। लेकिन, तीन प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर है। इसमें वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा को हैट्रिक लगाने की उम्मीद है। सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नागर और बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी भी मैदान में हैं।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More