‘प्रॉपर्टी आईडी-फैमिली आईडी को ऑफलाइन करने पर विचार’, मंत्री डॉ. बनवारी लाल का बड़ा बयान

रेवाड़ी , 8 जून (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. बनवारी लाल का एक बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रॉपर्टी आईडी और फैमिली आईडी को ऑफलाइन करने पर विचार कर सकती है।

दरअसल, पोर्टल पर इन सेवाओं के ठीक से काम न करने के चलते जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विपक्ष समय-समय पर इस बात को उठाता रहा है कि पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है। कांग्रेस ने तो यहां तक कह दिया है कि प्रदेश में उनकी सरकार आने के बाद पोर्टल को बंद कर दिया जाएगा।

मंत्री बनवारी लाल ने लोक निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मानसून से पहले सभी काम को खत्म करने के निर्देश दिए। इसके लिए टेंडर और वर्कलोड जारी किए जा चुके हैं।

समय से पहले हरियाणा में विधानसभा चुनाव होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। सरकार के पास पूरा बहुमत है और समय से पहले चुनाव नहीं होंगे। आपको बताते चलें, राव इंद्रजीत सिंह ने बीते दिनों हरियाणा में समय से पहले चुनाव होने का दावा किया था।

कांग्रेस द्वारा दिए गए 70 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि यह नारा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए ठीक है। कांग्रेस का हर नेता एक दूसरे की खिलाफत करता है। लोकसभा की 5 सीट जीतने के बाद कांग्रेस को ज्यादा उत्साह नहीं दिखाना चाहिए।

–आईएएनएस

पीएसके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More