सुनीता दुग्गल का दावा, हरियाणा में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी, कांग्रेस पर भड़के मनोहर लाल

चंडीगढ़, 16 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही है। सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है।

सिरसा से पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से आज विधानसभा चुनाव के तारीख का ऐलान किया गया, यह हमारे लिए अपेक्षित था, हमें इसका इंतजार था। भाजपा के संगठन और कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहते हैं, इसलिए मुझे लगता है कि हरियाणा में चुनाव के लिए हमारी संगठन पूरी तरह से तैयार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जनता के हित में एक से एक घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी, हमें पूरी उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए बहुत ही कम समय रह गया है। लेकिन, फिर भी हमारी संगठन पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस पार्टी भी जमीन तलाशने में जुटी हुई है, लेकिन भाजपा सरकार ने नेतृत्व में कई बेहतर काम हुए हैं, इसलिए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

वहीं, कांग्रेस के सरकार बनाने के दावे पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस तरह का दावा करने से कुछ नहीं होता। उन्होंने अपने लोगों को ही खुद से दूर किया था। उन्होंने एससी समाज के लोगों को खुद से दूर किया। उन्होंने एक मुख्य समाज को छोड़कर सभी को खुद से दूर रखा। प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने जातिगत राजनीति की, लेकिन हमने 2014 में ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ की बात कही। हम वही ‘हरियाणा एक, हरियाणवी एक’ की बात दोबारा कहते हैं। हमने तीन ‘सी’ (करप्शन, क्राइम और कास्ट पॉलिटिक्स) को समाप्त करने की बात कही थी। भाजपा करप्शन, क्राइम और कास्ट पॉलिटिक्स से ऊपर उठकर शासन करती है।

बता दें कि चुनाव आयोग ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी। जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में चुनाव आयोजित किए जाएंगे। चुनाव का पहला चरण 18 सितंबर को होगा। दूसरा चरण 25 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा और वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को की जाएगी। वहीं, हरियाणा में 1 अक्टूबर को सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां भी वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More