बेईमान, अपराधी और अराजकता बढ़ाने वालों को छूट नहीं दी जाएगी: मुख्यमंत्री योगी

अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अंबेडकर नगर कटेहरी स्थित देव इंद्रावती महाविद्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेले में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाली पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत बेटियों को भी नियुक्ति दी जाएगी। वे प्रदेश की सड़कों पर उतरकर शोहदों का सही इलाज करेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाली पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत बेटियों को भी नियुक्ति दी जाएगी। युवाओं के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वो समय गया, जब प्रदेश में चाचा-भतीजा की गैंग वसूली करने निकलती थी। अब तो जो भी ऐसा करेगा, उनकी संपत्ति जब्त कराकर जरूरतमंद में बंटवा दी जाएगी।

सीएम योगी ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि श्रावण मास में मुझे श्रवण की इस पावन स्थली पर युवाओं के साथ संवाद का अवसर प्राप्त हुआ है। इस पावन धरा को नमन करते हुए यहां के अन्नदाता किसानों समेत सभी नागरिकों का अभिवादन करता हूं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में 46 कंपनियों के स्टॉल को देखा, महिला स्वयंसेवियों की कार्यप्रणाली देखी और उद्यमियों के प्रयास देखे। अब, संतोष हो रहा है कि कभी आपराधिक व अराजक तत्वों समेत माफिया के लिए कुख्यात अंबेडकरनगर आज छवि बदल चुका है। यहां नए उद्योग आ रहे हैं, युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। आज हमारा अंबेडकरनगर किसी मायने में कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि अंबेडकर नगर अयोध्या धाम की परिवर्तन यात्रा का न केवल साक्षी है बल्कि लाभ भी पा रहा है। अंबेडकर नगर से पूर्वांचल व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे होकर गुजर रहे हैं। यहां हम औद्योगिक गलियारा भी बना रहे हैं। दोनों एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक टाउनशिप भी बनाएंगे। इससे युवाओं को उनके जनपद में ही रोजगार प्राप्त होंगे। फरवरी 2023 में आयोजित सबसे बड़े इन्वेस्टर समिट में 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जो कि प्रदेश के 1.35 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर की गारंटी है। अंबेडकर नगर में भी इन्वेस्टर समिट के माध्यम से 6,000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो धरातल पर उतर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यक्रम में 46 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जो कि जनपद के 21 हजार युवाओं को रोजगार देंगी और उनके प्लेसमेंट के लिए प्रतिबद्ध हैं। रक्षाबंधन की सभी जनपदवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। इस अवसर पर सभी बहन-बेटियों को परिवहन निगम की बसों में फ्री यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी। वहीं, 26 और 27 अगस्त को ‘परित्राणाय साधूनाम् विनाशाय च दुष्कृताम्’ का उद्घोष करने वाले लीलाधर श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी का भी अवसर है। प्रदेश में किसी बेईमान, अपराधी और अराजकता को बढ़ावा देने वाले तत्वों को छूट नहीं दी जाएगी।

कार्यक्रम में कुल 2,500 युवाओं को प्रशस्ति पत्र, 5,100 छात्र-छात्राओं को टैबलेट और कुल 211 करोड़ रुपए के ऋण का वितरण किया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More