उत्तराखंड में भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बने पहले सदस्य

देहरादून, 3 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान मंगलवार से शुरू हो गया। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की और कहा कि इसे प्रदेश के जिलों में आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सतपाल महाराज और भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह अभियान 4 सितंबर से प्रदेश के जिलों में भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होगी। धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से जुट गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “मैं अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष का धन्यवाद करता हूं। सोमवार को पूरे देश में सदस्यता अभियान की शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में पार्टी के पहले सदस्य के रूप में सदस्यता ली और मंगलवार को मुझे प्रदेश में पार्टी के पहले सदस्य के रूप में सदस्यता ग्रहण कराई गई। हमारा सदस्यता अभियान मंगलवार से पूरे देश में प्रारंभ हो गया है। इसके अलावा, अगले कुछ दिनों में हमारे संगठन का भी विस्तार होगा, और हम उन क्षेत्रों में पहुंचेंगे जहां अभी तक हमारी उपस्थिति नहीं थी।”

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी अभियान की शुरुआत पर कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करना नहीं है, बल्कि इससे अधिक सदस्य बनाने का प्रयास किया जाएगा। भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में डबल इंजन की सरकार के सकारात्मक प्रयासों की सराहना की और कहा कि ये प्रयास प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

भट्ट ने आगे बताया कि मंगलवार को प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया गया। बुधवार से जिला स्तर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विधायक सदस्यता ग्रहण करेंगे। इसके बाद, सदस्यता कार्यक्रम मंडल स्तर पर भी चलाया जाएगा।

–आईएएनएस

पीएसएम/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More