संवाद व समन्वय से समस्याओं का निराकरण करें अधिकारी : मुख्यमंत्री योगी

अयोध्या, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में अयोध्या के विकास कार्यों व कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों एवं जनपदवासियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और समस्याओं का निराकरण संवाद एवं समन्वय से करें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अयोध्या के नगरीय एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति 24 घंटे सुनिश्चित कराएं तथा जहां भी ट्रांसफॉर्मर के जलने/खराब होने की शिकायत मिले, उसे यथाशीघ्र ठीक करायें।

इस दौरान सीएम योगी ने जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। रुदौली के विधायक ने आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य व आईटीआई मवई के संचालन के बारे में अपनी बात रखी। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने आयुक्त व जिलाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में वाहनों की पार्किंग से जुड़े मुद्दे पर सीएम योगी ने कहा कि बनाए गए पार्किंग स्थलों को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। मेला, उत्सव आदि के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी पार्किंग के भी इंतजाम हों।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों व आम नागरिकों को कम से कम पैदल चलना पड़े, इसके लिए ई-कार्ट, ई-बस आदि की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए रूट व रंगों के आधार पर अलग-अलग उसका विभाजन किया जाए। कुंडों के जीर्णोद्धार के कार्यों में पुरानी पद्धति का इस्तेमाल करें और जल शोधन करते हुए जल को शुद्ध रखें।

सीएम योगी ने अयोध्या में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के लिए हॉस्पिटल कम ट्रामा सेंटर के लिए भूमि चिह्नित करने का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया, जिससे आम नागरिकों को अयोध्या में ही ट्रामा सेंटर की सुविधा उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन के लिए सभी उद्योगों एवं इंडस्ट्री में रोजगार परक कार्यक्रम का आयोजन कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी ने पर्यटन समेत अन्य विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता के समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित हो कि कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समयावधि में कार्य को पूरा कर लें। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए सीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालय यथा-राजस्व, पुलिस, थानों में कोई भी प्राइवेट कर्मी कार्य करता न मिले, ऐसा पाया जाता है तो उसके विरूद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाय।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा ग्रीन फंड के लोगो तथा अयोध्याजी तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद की वेबसाइट का विमोचन किया। अयोध्या के 1,000वें होम स्टे को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

आयुक्त गौरव दयाल ने बताया कि जनपद में कुल 241 क्रियात्मक परियोजनाएं है, जिसकी कुल लागत 31,153.19 करोड़ है, जिसमें 38 कार्यकारी विभाग सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक योजनाओं में कुल 103 क्रियात्मक परियोजनाएं हैं, जिनकी लागत 22,321.12 करोड़ है, जिसमें 30 कार्यकारी विभाग कार्य कर रहे हैं।

आयुक्त ने पंचकोसी, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग, फोरलेन चौड़ीकरण, विस्तारीकरण कार्य समेत अयोध्या में कराए जा रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More