छत्तीसगढ़ से 850 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या रवाना

रायपुर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए शुरू की गई श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर बुधवार को विशेष ट्रेन अयोध्याधाम के लिए रवाना हुई।

इस विशेष ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक राजेश अग्रवाल और प्रबोध मिंज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अयोध्या के लिए जा रही विशेष ट्रेन के श्रद्धालु उत्साहित थे। वहीं, उन्हें विदा करने आए लोग भी जयकारे लगा रहे थे। अयोध्याधाम जाने वाले श्रद्धालु अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर भजन गाते हुए विशेष ट्रेन में सवार होकर रवाना हुए। सभी श्रद्धालुओं की रामलला के दर्शन की अभिलाषा पूरी होने जा रही है।

अयोध्या की यात्रा के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं का कहना है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना वादा निभाया है और सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना से अयोध्या जाने की उनकी इच्छा पूरी हो रही है। यह उनका सौभाग्य है। अयोध्याधाम के लिए रवाना हुई इस विशेष ट्रेन में सरगुजा संभाग के सभी छह जिलों जशपुर से 204, सूरजपुर से 147, कोरिया से 108, बलरामपुर से 164, और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से 57 श्रद्धालु और 170 अनुरक्षक भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा, जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां ठहरने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More