छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में बनेगा 50 एकड़ का ‘हरित बगीचा’, अध्यक्ष रमन सिंह ने किया उद्घाटन

रायपुर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पौधरोपण करके विधानसभा परिसर की 50 एकड़ की जमीन पर बनने वाले ‘हरित बगीचा’ का शुभारंभ किया। सरकार का लक्ष्य विधानसभा के अंदर 50 एकड़ जमीन को एक बगीचे के रूप में विकसित करना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, सरकार के सभी मंत्री और विधायक मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए स्पीकर ने कहा, “विधानसभा के अंदर 50 एकड़ की भूमि पर यह एक ऐसा परिसर बनेगा, जो आने वाले समय में बच्चों के लिए गार्डन का भी काम करेगा। इस गार्डन में हर प्रकार के पेड़ होंगे। महुआ से लेकर हर प्रकार के फलदार वृक्ष शामिल होंगे। निश्चित रूप से पर्यावरण की दृष्टि से भी और पीएम मोदी की योजना ‘एक पेड़ मां के नाम’ पर हम अपनी मां के नाम पौधे समर्पित कर रहे हैं। इसकी रक्षा करना हम सबकी जवाबदेही है।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ”हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने पूरे देश के लोगों से आह्वान किया कि अपनी-अपनी मां के नाम से एक पौधे लगाएं। इसी अभियान के तहत आज हम इस 50 एकड़ रकवा में पौधे लगा रहे हैं।”

कार्यक्रम में पूरे मंत्रिमंडल के अलावा विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के साथ सभी विधायकों ने भी पौधे लगाए।

–आईएएनएस

पीएसएम/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More