मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा का मंथन, चार मंत्रियों ने की बैठक

अयोध्या, 25 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। उपचुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा के कई बड़े नेता और प्रभारियों ने जिला कार्यालय में बैठक की।

बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश सरकार के चार मंत्री पहुंचे। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संसदीय कार्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा व खेल मंत्री गिरीश यादव ने अयोध्या पहुंच कर पूर्व सांसद लल्लू सिंह से मुलाकात की।

इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा, अयोध्या की हार हमारे लिए काफी दुखद है। इससे भारतीय जनता पार्टी को बड़ा आघात लगा है। हम अपनी कमियों को ठीक करने पर काम कर रहे हैं।

विपक्ष ने जनता को गुमराह किया है। विपक्ष ने संविधान बदलने की बात कहकर अफवाह फैलाई और जनता को गुमराह किया। कांग्रेस ने 1975 में इमरजेंसी लगाकर हम सब लोगों को जेल में डाल दिया था। उस समय पूरे देश को कांग्रेस ने कारागार में परिवर्तित कर दिया था। हमारे परिवार से भी तीन लोग जेल गए थे। कांग्रेस ने एक-एक परिवार को तबाह कर दिया। इसके लिए देश कभी कांग्रेस को माफ नहीं करेगा।

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से पूर्ण बहुमत की सरकार चला रहे हैं, 2019 में इससे अधिक बहुमत था। अगर उनको संविधान बदलना होता तो उस समय भी बदल सकते थे, लेकिन हमारा इरादा कभी संविधान बदलने का नहीं रहा। हम जब नए संसद के भीतर गए तो सिर के ऊपर संविधान की पुस्तक रख कर गए। जिसकी संविधान के प्रति इतनी निष्ठा हो, इतनी आस्था हो, उसके बारे में ऐसी बात कर केवल गफलत पैदा की जा रही है। संसद की चर्चा में बहुत चीज साफ हुई है। यह बात देश की जनता भी सुन रही है। सबके सामने यह बात आ रही है कि इन लोगों ने कितने झूठे और फरेबी तरीके से जनता को गुमराह कर वोट लिया है। वह उसके बाद भी 100 सीट पार नहीं कर सके”।

बता दें कि मिल्कीपुर विधानसभा से सपा विधायक अवधेश प्रसाद 2024 लोकसभा चुनाव में जीत कर सांसद बन गए हैं और मिल्कीपुर विधानसभा सीट रिक्त हो गई है।

–आईएएनएस

पीएसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More