इंडिया गठबंधन जीतने वाला है, भाजपा सत्ता से जाने वाली है : खड़गे

रायबरेली/अमेठी : कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी मनमानी से सरकार चलाते हैं। उनके अंदर बहुत अहंकार आ गया है। इसलिए, एक बात तय हो गई है कि इंडिया गठबंधन जीतने वाली है। भाजपा सत्ता से जाने वाली है।

बुधवार को रायबरेली और अमेठी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ झूठ बोलती है। कांग्रेस पार्टी के साथ रायबरेली और अमेठी का रिश्ता 100 साल का है। पीएम मोदी आज गांधी परिवार को गाली देते नहीं थकते। वे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर भी अपनी राजनीतिक टीका-टिप्पणी करते हैं। वह भूल जाते हैं कि वो देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों के बारे में बात कर रहे हैं, जिन्होंने इस देश के लिए अपना सब कुछ लुटा दिया। यहां तक की अपनी जान भी कुर्बान कर दी।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की शहादत का मजाक उड़ाने के लिए कहते हैं कि वो ऐसा कानून लाए, जिससे वो इंदिरा जी की संपत्ति हड़प सकें। मगर मोदी जी भूल जाते हैं कि पंडित नेहरू ने अपनी 98 फीसद सम्पति देश को समर्पित कर दी थी। जिसकी आज कुल कीमत करीब 12 हजार करोड़ रुपये होगी।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने हमारी सेना के लिए अपने गहने तक दे दिए। नरेंद्र मोदी पूछते हैं कि कांग्रेस ने 55 साल में क्या किया? कांग्रेस ने 55 साल में क्या किया, हम उसकी लिस्ट दे देंगे। आप अपने 10 साल का हिसाब दीजिए। पीएम मोदी ने कभी 15 लाख रुपए देने की बात की तो कभी 2 करोड़ नौकरियां देने की। लेकिन, किया कुछ भी नहीं।

उन्होंने कहा कि अगर सत्ता के लिए लड़ते तो 2004-2009 में सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बन जातीं। लेकिन, उन्होंने कहा कि वो प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहती, वो सिर्फ देश की सेवा करना चाहती हैं। लेकिन, आज देश में सत्ता के लिए लड़ने वाले लोग हैं। राहुल गांधी रायबरेली के शेर हैं, गरीबों के लिए लड़ने वाले सिपाही हैं। रायबरेली को फिरोज गांधी से लेकर इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, सभी ने संभाला है। अब राहुल संभाल रहे हैं। वह कहते हैं कि रायबरेली हमारी कर्मभूमि है, हम यहीं से लड़ेंगे और यहीं पर अपने लोगों का मार्गदर्शन करेंगे।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More