ओडिशा में भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए नवीन पटनायक को दिया न्योता

भुवनेश्वर: ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन समल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नवीन पटनायक से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें बुधवार को होने वाले ओडिशा में पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया।

नये मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद बुधवार को जनता मैदान में एक भव्य समारोह में शपथ लेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता बसंत कुमार पांडा, सुरेश पुजारी, समीर मोहंती और नित्यानंद गोंड के साथ मनमोहन समल बीजू जनता दल (बीजद) सुप्रीमो को निमंत्रण देने नवीन पटनायक के घर गए।

मनमोहन समल ने कहा, “हम यहां नवीन पटनायक को शपथ ग्रहण समारोह के लिए निमंत्रण देने आए हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और हमें आश्वासन दिया है कि वह इस समारोह में शामिल होंगे।”

हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य पर नवीन पटनायक के साथ किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है। उन्होंने कहा, “शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस अध्यक्ष और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं को भी निमंत्रण भेजा जाएगा।”

प्रदेश भाजपा की एक विशेष टीम मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह के लिए भगवान जगन्नाथ को आमंत्रित करने पुरी के जगन्नाथ मंदिर भी गई थी। बता दें कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में 147 सीटों में से 78 सीटें जीतने के बाद भाजपा बुधवार को पहली बार ओडिशा में अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More