बिहार में सूखे की स्थिति, धान रोपनी के लिए डीजल अनुदान की प्रकिया शुरू

पटना, 31 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में इस बार बारिश बहुत कम हुई है और सूखे की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसे देखते हुए राज्य सरकार पहले से अलर्ट मोड में आ गई है। कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि सरकार ने किसानों को डीजल अनुदान देने का निर्णय लिया है।

मंगल पांडेय ने बुधवार को मीडिया को बताया कि कैबिनेट से डीजल अनुदान के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी। बीच में मौसम विभाग से जानकारी मिली थी कि बिहार में औसत वर्षा होगी। लेकिन पिछले 15-20 दिन में आपेक्षिक अनुमान के हिसाब से बारिश नहीं हुई है।

मंत्री ने कहा कि कम वर्षा की वजह से धान की रोपनी पिछड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी समीक्षा की है। उन्होंने निर्देश दिया कि डीजल अनुदान के लिए सरकार की तरफ से जो व्यवस्था हुई है उसे तुरंत चालू किया जाए। पांच-छह दिन पहले सीएम से निर्देश मिला जिसके आधार पर कृषि विभाग ने डीजल अनुदान देने के लिए पोर्टल खोल दिया है और किसानों को डीजल अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बिहार में मौसम की स्थितियों में लगातार बदलाव हो रहा है। राज्य में अच्छी फसल के लिए अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है। लगभग सभी जिलों में मानसून की बारिश औसत से कम हुई है। नहर और तालाब भी सूख रहे हैं।

इसका सबसे बुरा प्रभाव खेती पर नजर आ रहा है। किसानों को फसल सूखने की चिंता सता रही है। रोहतास और आसपास के जिलों में धान की खेती पर असर पड़ने लगा है। खेतों में धान रोपनी के लिए सरकार ने किसानों को डीजल अनुदान देने का निर्णय लिया है।

–आईएएनएस

एसएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More