बिहार में जदयू नेता जवाहर यादव की गोली मारकर हत्या

सहरसा, 16 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात अपराधियों ने जदयू नेता जवाहर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक कहरा प्रखंड के जदयू अध्यक्ष बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, जदयू नेता जवाहर यादव शुक्रवार को बरियाही स्थित एक सैलून में सेविंग के लिए गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। घटना के बाद इलाज के लिए उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने जवाहर यादव को दो गोली मारी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। तकनीकी शाखा और एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

इस पूरे मामले की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस अधिकारी सदर आलोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। पुलिस प्रथम दृष्ट्या इस घटना के पीछे जमीनी विवाद बता रही है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के बजरंगपुरी के समीप हथियारबंद अपराधियों ने दूध बूथ संचालक और भाजपा नेता अजय शाह की गोली मार हत्या कर दी थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या का कारण जमीन विवाद बता रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएसके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More