बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने रोहतास को दी बंपर सौगात

पटना, 2 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’ के तहत औरंगाबाद, डेहरी एवं सासाराम शहरों के लिए पेयजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डेहरी पहुंचकर सात निश्चय योजना-दो के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 307.73 लाख रुपये की लागत तथा 272.07 लाख रुपये की लागत से सासाराम में टेक लैब एवं वर्कशॉप के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने टेक लैब एवं वर्कशॉप के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने लेजर कटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्शन, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग लैब, रोबोटिक पेंट बूथ, एडवांस पलंबिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स लैब, प्रोडक्ट वेरिफिकेशन, एनालिसिस लैब का मुआयना किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

नीतीश कुमार ने मुफस्सिल थाना डेहरी में थाना भवन एवं आउट हाउस, क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला, विशेषीकृत इकाइयों के लिए संयुक्त भवन का भी शिलान्यास किया।

उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों में ‘मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना’ के तहत 1,962.82 लाख रुपये की लागत से कुल 6,400 सोलर लाइट योजनाओं, 104.77 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित कुल 13 आंगनबाड़ी केंद्रों एवं दो जीविका ग्राम संगठन भवनों का भी उद्घाटन किया।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में 264 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 66 पुस्तकालयों, 169.18 लाख रुपये की लागत से 17 आंगनबाड़ी केंद्रों, 465 लाख रुपये की लागत से 372 आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार कार्य, 221.76 लाख रुपये की लागत से बुनियादी मध्य विद्यालय बस्तीपुर, भैंसहा, डेहरी का निर्माण कार्य एवं जिले के विभिन्न पंचायतों में 310.32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 21 ग्राम पंचायत खेल मैदान तथा खेल सुविधाओं से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सभी काम समय पर ठीक ढंग से पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, जिला उद्योग केंद्र, जिला परिवहन कार्यालय आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, भवन निर्माण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री जयंत राज, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ज़मा खान भी मौजूद रहे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एससीएच

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More