त्रिपुरा में सीमा पर बीएसएफ की गोलीबारी में बांग्लादेशी तस्कर मारा गया

अगरतला, 9 जून (आईएएनएस)। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर रविवार को एक गिरोह ने बीएसएफ के जवानों को घेर लिया। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया।

बीएसएफ अधिकारियों ने बताया, “भारत-बांग्लादेश सीमा पर कलमचेरा में नियमित गश्त के दौरान जवानों ने कुछ लोगों के समूह को चुनौती दी। समूह के लोग भारतीय सीमा से सामान की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे। चुनौती से वह आक्रामक हो गए और हमला करने और हथियार छीनने की नीयत से एक बीएसएफ जवान को घेरने की कोशिश की।”

जवान ने आत्मरक्षा में अपनी पीएजी (पंप एक्शन गन) से एक राउंड फायर कर दिया। इसके बाद झड़प हो गई। इस दौरान कांस्टेबल राजीव कुमार ने खतरा महसूस करते हुए अपनी इंसास राइफल से एक राउंड फायरिंग की। भारतीय क्षेत्र के अंदर लगभग 150 गज की दूरी पर बांग्लादेशी तस्कर अनवर हुसैन (35) को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

हुसैन बांग्लादेश के कोमिला जिले के मीरपुर का निवासी है। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि इसी क्षेत्र में 2 जून को भी ऐसी ही घटना घटी थी। उसी बांग्लादेशी तस्कर ने बीएसएफ कांस्टेबल पर बेरहमी से हमला किया था। उसे बांग्लादेश की ओर खींचने की कोशिश की थी और जवान का निजी हथियार (पीएजी) और रेडियो सेट भी छीन लिया था।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बीएसएफ बांग्लादेश सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य के लिए बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (बीजीबी) के साथ मिलकर काम कर रही है।

–आईएएनएस

एफजेड/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More