झारखंड विधानसभा चुनाव : भाजपा की बड़ी बैठक, हिमंत बिस्वा सरमा ने किया जीत का दावा

रांची, 16 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रदेश भाजपा के मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल हुए।

पत्रकारों से बात करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में हमने सभी मंडल अध्यक्षों को कहा कि बूथ से लेकर मंडल तक हमारा संगठन शक्तिशाली रहना चाहिए। हमारा फीडबैक भी बहुत अच्छा है, हम लोग चुनाव जीतने जा रहे हैं।

बंगाल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत पर उन्होंने कहा कि बहुत ही निर्मम तरीके से महिला डॉक्टर को मौत के घाट उतारा गया। वहां की सरकार को घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। मुझे विश्वास है कि जिस तरह से मेरे दिल में पीड़ा है उसी तरह से ममता बनर्जी के दिल में पीड़ा होगी। जिन लोगों ने ऐसा घिनौना काम किया है, उनके खिलाफ ममता दीदी को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

ममता बनर्जी द्वारा राम और वाम को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सरकार किसकी है, सरकार तो आपकी है। ममता बनर्जी कहती हैं कि बंगाल में अगर बाढ़ है, तो झारखंड के कारण है। डॉक्टर पर अत्याचार होता है, तो कहती हैं कि राम और वाम का काम है। राम तो राम हैं, उनके बारे में इतना गलत बात अगर ममता बनर्जी बोल सकती हैं, तो मेरे पास शब्द ही नहीं है कि मैं उस पर कोई टिप्पणी करूं।

बता दें कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी आज बड़ी बैठक कर रही है। बैठक में झारखंड भाजपा प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सांसद आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी शामिल हैं। बैठक में 500 से ज्यादा मंडल अध्यक्ष भी शामिल हो रहे हैं।

बैठक में भाजपा प्रभारी और चुनाव सह प्रभारी की ओर से मंडल अध्यक्षों को चुनाव को लेकर टास्क दिए जाएंगे। इस बैठक का मकसद बूथ स्तर तक चुनाव को लेकर पार्टी को मजबूत करना है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More