हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने नियुक्त किए चार मीडिया को-ऑर्डिनेटर

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। हरियाणा में 1 अक्टूबर को मतदान होना है। जबकि, नतीजों की घोषणा 4 अक्टूबर को होनी है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मीडिया को-आर्डिनेटर नियुक्त किए हैं।

इंडियन नेशनल कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेड़ा की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में अलोक शर्मा को नेशनल मीडिया को-ओर्डिनेटर बनाया गया है। इनके अलावा सुभाषिनी यादव, अमित बावा सैनी और हरनाम सिंह को मीडिया को-ऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान चार लोगों की यह कमेटी मीडिया के साथ समन्वय स्थापित करने का काम करेगी।

हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए 1 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं, 4 अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनावों के लिए अधिसूचना 5 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर और जांच की अंतिम तिथि 13 सितंबर है। वहीं, नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 सितंबर तक होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 2 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के लिए कुल 20,629 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें 7,132 शहरी और 13,497 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद के शहरी इलाकों में भी बहुमंजिला इमारतों में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

आपको बता दें कि हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं। जिनमें 73 सामान्य और 17 अनुसूचित जाति (एससी) की सीटें हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस बार के चुनाव में 10,321 शतायु मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।

हरियाणा विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 3 नवंबर को समाप्त हो रहा है। चुनाव अधिकारियों ने हाल ही में तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरियाणा का दौरा किया था।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More