श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के आठ मछुआरों को गिरफ्तार किया

चेन्नई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंकाई नौसेना ने मंगलवार तड़के तमिलनाडु के आठ मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मछली पकड़ने वाली नाव को भी जब्त कर लिया गया है। सभी मछुआरों को श्रीलंका के मन्नार नौसेना शिविर ले जाया गया है।

गिरफ्तार किए गए सभी आठ मछुआरे तमिलनाडु के रामेश्वरम क्षेत्र के हैं।

मछुआरा संघ के नेता आर. राजेंद्रन ने गिरफ्तार मछुआरों की रिहाई के लिए राज्य और केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

उन्होंने कहा, “श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हमारे मछुआरों की गिरफ्तारी बेहद निंदनीय है और हम इस अमानवीय व्यवहार के खिलाफ अपना विरोध जताते हैं।”

बता दें कि श्रीलंकाई नौसेना ने एक दिन पहले ही नागापट्टिनम और रामेश्वरम से 11 तमिल मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा था कि 2024 की शुरुआत से अब तक तमिलनाडु के कुल 324 मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय सीमा रेखा पार करने के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किया है।

तमिलनाडु के रामेश्वरम, पुदुकोट्टई और नागपट्टिनम के मछुआरे श्रीलंकाई नौसेना के डर से समुद्र में जाना नहीं चाहते।

श्रीलंकाई नौसेना के हमले में गहरे समुद्र में घायल हुए मछुआरे रामलिंगम की पत्नी के. श्रीमती ने आईएएनएस से कहा, “अब हम अपने लोगों के समुद्र में जाने से डरते हैं। उन्हें श्रीलंकाई नौसेना के हमलों का सामना करना पड़ता है। पता नहीं कौन कब गिरफ्तार कर ले। जब तक भारत सरकार और तमिलनाडु सरकार हस्तक्षेप नहीं करती और इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकालती, तब तक हम भूखे मर जाएंगे।”

उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से स्थायी समाधान के लिए केंद्र पर दबाव डालने का आह्वान किया।

–आईएएनएस

एसकेपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More