लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर होंगे भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब, राष्ट्रपति मुर्मू ने की नियुक्ति

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में नियुक्त किया है। जो नए सांसदों को लोकसभा की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे। इसकी जानकारी संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी।

लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक चलेगा। वहीं, 24 और 25 जून को नवनिर्वाचित सदस्य शपथ लेंगे।

किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा, ”राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 95 (1) के तहत लोकसभा सदस्य भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर के रूप में नियुक्त किया है, वह इस पद पर तब तक बने रहेंगे, जब तक लोकसभा स्पीकर का चुनाव नहीं हो जाता है।”

उन्होंने आगे लिखा, ”राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 99 के तहत लोकसभा के सदस्यों सुरेश कोडिकुन्निल, टीआर. बालू, राधा मोहन सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते और सुदीप बंद्योपाध्याय को प्रोटेम स्पीकर के सहायक के तौर पर नियुक्त किया है। जिससे वो 18वीं लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण को संपन्न करा सकें।”

बता दें कि भर्तृहरि महताब ओडिशा की कटक लोकसभा सीट से 6 बार से सांसद हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा के भर्तृहरि महताब ने बीजद के संत्रुप्त मिश्रा को 57,077 वोटों से हराया।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम 4 जून को घोषित हुए थे। 9 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था। नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। लोकसभा चुनावों में एनडीए को 293 सीटों पर जीत हासिल हुई। जबकि, इंडिया गठबंधन के खाते में 234 सीट आई है। अन्य को 17 सीटें मिली हैं।

–आईएएनएस

एसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More