बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया को सोचना चाहिए : भाजपा

भोपाल, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बांग्लादेश में हिंदुओं की वर्तमान स्थिति पर मध्य प्रदेश भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने शनिवार को कहा कि लोकतांत्रिक देशों को इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

विधायक ने कहा कि बांग्लादेश की घटनाएं पूरे विश्व के लिए चुनौती हैं। जो लोग मानवता और लोकतंत्र पर भरोसा करते हैं, उनको इसके लिए सोचना चाहिए। अमेरिका इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, भारत, नेपाल – सब देशों को सोचना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो आतंकवाद पनप रहा है, वह आज नहीं तो कल पूरे विश्व के लिए खतरा है। बांग्लादेश में हिन्दुओं के मंदिर जलाए जा रहे हैं, उनके साथ मारपीट की जा रही है। यह आज नहीं तो कल पूरे विश्व की मानवता के लिए चुनौती है। इसलिए लोकतंत्र पर भरोसा रखने वाले उन सभी देशों से हमारी प्रार्थना है कि इस पर विचार करें।

भाजपा नेता ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अमेरिका आंखें खोलकर देखें कि बांग्लादेश की धरती पर हिंदुओं के साथ ठीक नहीं हो रहा है। इस पर प्रतिक्रिया भी होगी, समाज में इसका प्रतिकार भी होगा। इसलिए समय रहते हुए भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल इस तरह की आतंकवादी गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाया जाए।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी देश को अराजकता में धकेलने की बजाय ऐसा करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका खात्मा करना किसी भी देश की पहली प्राथमिकता है, अन्यथा आने वाली पीढ़ी आपको बद्दुआएं देगी।

गौरतलब है कि हिंसा और अराजकता के बाद शेख हसीना ने 5 अगस्त को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर बांग्लादेश छोड़ दिया। उनके देश छोड़ने के बाद सेना ने कुछ समय के लिए कमान संभाली थी। राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बीते गुरुवार को अंतरिम सरकार का गठन हुआ।

नोबेल शांति पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली है। लेकिन हालात काबू में नहीं हैं। हिंदुओं के ऊपर हमले किए जा रहे हैं। उनके घरों, दुकानों और मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। बांग्लादेश में करीब आठ फीसदी हिंदू हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More