यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर ट्रॉली को बस ने मारी टक्कर, दोनों ड्राइवर घायल

ग्रेटर नोएडा, 30 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसा हो गया है, जिसमें एक ट्रैक्टर ट्रॉली को तेज रफ्तार बस ने पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। इस टक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली और बस के ड्राइवर को गंभीर चोट लगी हैं।

दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में बाकी सवारियों को भी चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों गाड़ियों को किनारे करवाकर एक्सप्रेसवे को क्लियर कर रही है।

पुलिस ने बताया है कि गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेवर से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेेसवे पर 27 किलोमीटर की दूरी पर फलैदा कट के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली को तेज रफ्तार से आ रही एक प्राइवेट बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में ट्रैक्टर चालक और बस चालक घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे के बारे में बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली ओवरलोड थी। इसमें क्षमता से ज्यादा ईंट भरी गई थी। बस ने पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मारी तो बस में मौजूद कई सवारियां घायल हो गई और चीख-पुकार मच गई।

इस घटना के बाद काफी देर तक एक्सप्रेसवे पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाड़ियों को साइड करवाकर जाम खुलवाया है। घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी ने जेसीबी की मदद से बीच रोड से ईटों को हटवाना शुरू किया।

गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले भी यमुना एक्सप्रेसवे पर कार सवार मां-बेटी को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। इस घटना के बाद यमुना अथॉरिटी ने पत्र लिखकर ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक सवारों को यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन में चलने को कहा था।

–आईएएनएस

पीकेटी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More