4 जून को मोदी जी की, भाजपा की, एनडीए की विजय निश्चित : अमित शाह

कुशीनगर, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कुशीनगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 4 जून को राहुल बाबा की पार्टी 40 और अखिलेश बाबू 4 भी पार नहीं कर पाएंगे। देश की जनता ने तय कर लिया है कि अगले 5 साल नरेंद्र मोदी जी ही प्रधानमंत्री रहेंगे।

उन्होंने कहा कि 4 जून की दोपहर को आप देख लेना, राहुल बाबा के लोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और कहेंगे कि ईवीएम के कारण हम हारे हैं। हार का ठीकरा भी खड़गे साहब पर फूटेगा। छह चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। मेरे पास 5 चरण का आंकड़ा है। पांच चरण में मोदी जी 310 सीटें पार कर चुके हैं। छठा चरण हो चुका है, सातवां होने वाला है, जिसमें आप लोगों को 400 पार कराना है।

अमित शाह ने कहा कि आप सब जानते हैं कि 85 हजार करोड़ का सहारा का घपला किसके समय में हुआ था। अखिलेश बाबू, आपकी पार्टी सहारा के फंड से चलती थी, सहारा की लूट आपने चलने दी। नरेंद्र मोदी ने तो रिफंड देने की शुरुआत की है। कांग्रेस पार्टी कहती है कि पाकिस्तान के पास एटम बम है, पीओके मत मांगिए। अरे राहुल बाबा, आपकी पार्टी एटम बम से डरती होगी, हम भाजपा वाले नहीं डरते। आज मैं यहां से कहकर जाता हूं कि पीओके भारत का था, है और हम इसे लेकर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस 70 साल से राम जन्मभूमि के मामले को अटकाकर बैठे थे। मोदी जी ने 5 साल में ही केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया और प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी। मोदी जी ने सिर्फ राम मंदिर ही नहीं, बल्कि औरंगजेब द्वारा तोड़ा गया काशी विश्वनाथ का मंदिर भी बनाया और सोमनाथ का मंदिर भी सोने का बन रहा है। वो समाजवादी पार्टी की ही सरकार थी, जिसने कार सेवकों पर गोलियां चलाई थी। ये चुनाव कारसेवकों पर गोली चलाने वालों और राम मंदिर बनाने वालों के बीच है। आप चिंता मत कीजिए, न ये जीतने वाले हैं और न हम ऐसा होने देंगे।

उन्होंने कहा कि जब तक मोदी जी और भाजपा है, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण को कोई हाथ नहीं लगा सकता। हम इस देश में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं आने देंगे। इन्होंने (इंडी गठबंधन) कर्नाटक और हैदराबाद में जो किया है, बंगाल में भी वही किया था, लेकिन, वहां (बंगाल) हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। मुस्लिम आरक्षण संविधान के अनुरूप नहीं है। अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए ये मुस्लिम आरक्षण की बात करते हैं। इसका सीधा खामियाजा पिछड़े वर्ग को भुगतना पड़ेगा। घमंडिया गठबंधन झूठ के आधार पर जीने वाले लोग हैं। इन्होंने कहा है कि हम मुस्लिम आरक्षण देंगे। अगर गलती से भी ये जीत गए, तो पिछड़ा, अति पिछड़ा और दलित का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देने का काम करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि 38 चीनी मिलों की क्षमता में वृद्धि करने का काम योगी आदित्यनाथ जी की सरकार ने किया है। गन्ने की बुवाई का क्षेत्रफल भी 9 लाख हेक्टेयर बढ़ा है। 1995 से 2017 तक सपा-बसपा ने गन्ना किसानों को सिर्फ 23 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि, 2017 से 2024 तक 2 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का भुगतान भाजपा की सरकार ने किया है। आज बहन मायावती और अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि कुशीनगर ‘चीनी का कटोरा’ नाम से प्रसिद्ध था, लेकिन आपके समय में 5-6 चीनी मिलें बंद हुईं। हमारी सरकार के समय में 20 चीनी मिलों को फिर से चालू करने का काम किया गया है। 4 जून को मोदी जी की, भाजपा की, एनडीए की विजय निश्चित है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More