इंडिया गठबंधन को मिलेगी 295 से अधिक सीट : मल्लिकार्जुन खड़गे

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। देशभर में लोकसभा की 543 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया शनिवार शाम समाप्त हो गई। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडिया गठबंधन के सहयोगियों की मौजूदगी में दावा किया कि उनके गठबंधन को लोकसभा चुनाव में 295 से अधिक सीटें मिलने जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन से जुड़े विभिन्न दल एग्जिट पोल पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने एग्जिट पोल पर होने वाली चर्चा में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था।

शनिवार को खड़गे के आवास पर करीब ढाई घंटे तक इंडिया गठबंधन की बैठक चली। खड़गे ने कहा कि बीजेपी एग्जिट पोल पर चर्चा करेगी। वे जो नैरेटिव देने की कोशिश कर रहे हैं, हम उसे लेकर सच्चाई लोगों को बताना चाहते हैं। इसके साथ ही गठबंधन के कार्यकर्ताओं को चुनाव और मतदान से जुड़े मुद्दों पर सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि यह जनता का सर्वे है। हमने अपने सभी सहयोगी दलों से पूछने के बाद यह जानकारी साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि इंडिया गठबंधन की एकता बरकरार रहेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज कई प्रकार के एग्जिट पोल आएंगे। लेकिन, जनता को सच्चाई बताना हमारा काम है। जनता का सर्वे हमारे पास है, सरकारी सर्वे उनके पास है। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि मतगणना के दिन गिनती पूरी होने तक मतगणना केंद्र नहीं छोड़ना है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे इलेक्शन कमीशन के पास भी जाएंगे और अपनी बात रखेंगे। इलेक्शन कमीशन से 2 जून का समय मांगा गया है। इस दौरान कमिश्नर से प्रार्थना की जाएगी, सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों ने चुनाव उपरांत की संयुक्त रणनीति पर चर्चा की। कांग्रेस ने कहा है कि बैठक में गठबंधन के सभी वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इस बैठक में यह भी चर्चा की गई कि मतगणना के दौरान क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।

इस बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शरद पवार, रामगोपाल यादव, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, चंपई सोरेन, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, डी. राजा, सीताराम येचुरी, कल्पना सोरेन और गठबंधन के कई सहयोगी शामिल रहे।

–आईएएनएस

जीसीबी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More