29 सांसदों के बावजूद बजट में मध्य प्रदेश के साथ हुआ छल : जीतू पटवारी

भोपाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश देश के बजट पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 29 सीटें दी हैं, लेकिन राज्य के लिए बजट में कुछ नहीं है।

उन्होने कहा कि, पूरे देश में नरेंद्र मोदी से विश्वास हटा था, बाद में जैसे-तैसे उनकी सरकार बनी थी। लेकिन, इस बजट में मध्य प्रदेश की भावना के साथ धोखा किया गया है। मध्य प्रदेश को 29 सांसदों के बावजूद कुछ नहीं मिला।

उन्होंने कहा, “गेहूं और धान के लिए ‘मोदी गारंटी’ की बात की गई थी, 100 स्मार्ट सिटी बनाने की बातें की, अब 100 औद्योगिक सिटी बनाने की बात हो रही है। पहले 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात थी, अब 4 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात करते हैं।”

“सबसे ज्यादा महंगाई हमारे देश में है, बेरोजगारी भी हमारे यहां सबसे ज्यादा है। जिस तरह से बजट का प्रस्तुतीकरण हुआ, उसका संदेश स्पष्ट है कि अब सिंगल झूठ की जगह डबल झूठ से काम चल रहा है।”

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के साथ छल हुआ है। यह शर्मनाक है कि यहां के मुख्यमंत्री मोहन यादव, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे केंद्रीय मंत्री भी मध्य प्रदेश की रक्षा नहीं कर पाए। इन सबको अपने लिए जीना है। जब मध्य प्रदेश के बच्चों का गला घोटा जाता है, तो ये चुप रहते हैं।

जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि भाजपा के शासन में आदिवासियों पर कुठाराघात जारी है। आदिवासियों ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया, लेकिन उनके साथ दोयम दर्जे का बर्ताव किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा मध्य प्रदेश की बहनों की भावनाओं के साथ भी खेलकर राजनीति करना चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को चार्वाक का सबसे बड़ा भक्त बताते हुए कहा कि मोहन यादव को कर्ज लेने की आदत पड़ गई है।

–आईएएनएस

एएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More