10 करोड़ सदस्य जोड़ने के लक्ष्य को लेकर भाजपा की कार्यशाला

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पूरे देश में 1 सितंबर से शुरू हो रहे भारतीय जनता पार्टी के व्यापक सदस्यता अभियान के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। इसके तहत कई राज्यों में मंगलवार से व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य पूरे देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का है।

इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने 17 अगस्त को नई दिल्ली में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का हवाला देते हुए व्यापक सदस्यता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के लिए दिल्ली में 17 अगस्त को हुई मीटिंग के परिप्रेक्ष्य में हम सब लोगों को अपना सदस्यता अभियान प्रारंभ करना है। एक बड़ा और वृहद सदस्यता अभियान चलाना है। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, इस अभियान के माध्यम से हम लोगों के घर-घर जाएंगे। लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे। 1 सितंबर से हमारा यह सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा। यह हमारी प्रदेश स्तरीय कार्यशाला है। इस कार्यशाला में हम लोग मंडल स्तरीय, जिला स्तरीय कार्यशाला, बूथों पर सदस्यता अभियान के अलावा तमाम विषयों की कार्ययोजना हम इस मीटिंग में बनाएंगे। इस बार हमारी पार्टी का 10 करोड़ से अधिक लोगों को प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य है। इसके तहत मिले लक्ष्य को हम बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक तमाम प्रक्रियाओं के माध्यम से पूरा करेंगे।”

कार्यशाला में शामिल होने वाले प्रदेश सरकार में कई मंत्रियों ने भी आईएएनएस से बात करते हुए सदस्यता अभियान चलाए जाने के विषय में जानकारी दी।

समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि आज हमारे संगठन ने एक कार्यशाला का आयोजन किया है। इसमें गहन चर्चा होगी और सभी पदाधिकारियों को निर्देश प्राप्त होंगे। हमारे इस अभियान का मूल विषय यह है कि आज भारतीय जनता पार्टी से बहुत सारे लोग जुड़ना चाहते हैं। हम लोगों के पास लोगों के व्यक्तिगत अनुरोध आते हैं। हम भी लोगों को जोड़ना चाहते हैं। अगले दो से ढाई महीने हम लोग देश में लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए कार्य करेंगे।

पशुधन, दुग्ध विकास एवं राजनैतिक पेंशन विभाग मंत्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा दल बताते हुए कहा कि इस सदस्यता के आधार पर ही भाजपा का संगठन चलता है। भाजपा बड़ा दल है, इसे और बड़ा करने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाता है।

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा, “यह हमारे संगठन की एक प्रक्रिया है। सदस्यता अभियान होगा, उसके बाद बूथ समितियों का गठन होगा। इसलिए आज कार्यशाला का आयोजन किया गया है, जिसमें हम सब लोग शामिल हुए हैं। इसके बाद जो निर्देश प्राप्त होंगे, हम उसी प्रकार कार्य करेंगे।”

उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार में भी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने संगठन को चुस्त- दुरुस्त बनाने के लिए बुधवार को पार्टी के जिला स्तर पर सदस्यता प्रशिक्षक तैयार करने के लिए एक कार्यशाला बुलाई है।

इस मौके पर बिहार सरकार में मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की बात की। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती को लेकर भी आवश्यक पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “इसे लेकर बिहार भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर कई योजना बनाई है। संगठनात्मक ढांचा मजबूत कर भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मैदान मारने की तैयारी में है। इसी लक्ष्य को साधने के लिए प्रदेश इकाई ने बुधवार को सदस्यता अभियान कार्यशाला में वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया है। इस कार्यशाला में पार्टी जिला स्तर का सदस्यता प्रशिक्षक तैयार करेगी। इसके लिए पार्टी की ओर सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधायक, पूर्व विधान पार्षद, सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिले के पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया गया है।”

सदस्यता अभियान के संयोजक बने बिहार के पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा बताते हैं कि इस सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाएगा। जोर शोर से यह अभियान चलाया जाएगा।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएसएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More