अवैध कब्जे पर चला ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर, 10 करोड़ की जमीन खाली कराई

ग्रेटर नोएडा, 18 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम खेड़ी, सुनपुरा व हैबतपुर में जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने दोनों गांव में करीब 25,000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। परियोजना विभाग के वर्क सर्कल एक और दो की टीम ने शनिवार को इन दोनों गांव की जमीन पर बने अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में वर्क सर्कल दो की टीम ने ग्राम खेड़ी के खसरा संख्या-126, 127, 128, 129, 138 व सुनपुरा के खसरा संख्या 590, 592, 593, 594 पर लगभग 5000 वर्ग मीटर जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को तोड़कर जमीन मुक्त करा ली है, जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए आंकी गई है।

इसी तरह वर्क सर्किल एक की टीम ने हैबतपुर के डूब क्षेत्र (खसरा संख्या 72, 73 व 74 ) की लगभग 20,000 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में लगभग 3 घंटे चली।

इस कार्रवाई के लिए पांच जेसीबी व दो डंपरों का इस्तेमाल किया गया। एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

–आईएएनएस

पीकेटी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More