हरियाणा में भाजपा की गठबंधन सहयोगी जजपा अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव

चंडीगढ़, 10 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा में भाजपा की गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने शनिवार को घोषणा की कि वह लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं।

पार्टी के एक नेता ने दुष्यंत चौटाला के हवाले से कहा कि जजपा समन्वय समिति ने गठबंधन के मुद्दे पर दो दौर की बातचीत की है।

उन्होंने कहा कि हिसार और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीटें जजपा की प्राथमिकता हैं, जिन पर गठबंधन की संभावना पर चर्चा की जा सकती है। पार्टी 10 की 10 सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है।

जजपा अब तक छह लोकसभा सीटों पर सफल रैलियां कर चुकी है और 13 मार्च को सातवीं रैली हिसार में होगी, जिसमें जनता को हिसार में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।”

सिरसा में हुई चुनाव समन्वय समिति की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव मजबूती से लड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

एक सवाल के जवाब में चौटाला ने कहा कि क्षेत्रीय दल लगातार एनडीए में शामिल हो रहे हैं।

उन्‍होंने कहा, ”भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार पिछले साढ़े चार साल में किसानों और आम आदमी को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से सफल रही है और हम भविष्य में भी इसी सोच के साथ काम करते रहेंगे।”

हिसार से सांसद बृजेंद्र सिंह के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”यह उनका अपना राजनीतिक फैसला है और बृजेंद्र सिंह ने (जजपा के साथ) गठबंधन खत्म करने की मांग के एक साल बाद यह फैसला लिया है।”

उन्होंने कहा कि समय बताएगा कि बृजेंद्र सिंह हिसार में रहेंगे या सोनीपत जाएंगे।

–आईएएनएस

एसजीके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More