स्वाति मालीवाल मामले में आतिशी का बयान संजय सिंह को साबित करता है झूठ : कपिल मिश्रा

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। स्वाति मालीवाल के मामले में दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के षड्यंत्र के तहत स्वाति मालीवाल सीएम केजरीवाल के आवास पर गई थीं। उनका इरादा सीएम केजरीवाल पर झूठे आरोप लगाना था। आतिशी के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भाजपा नेता कपिल मिश्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है।

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि आतिशी का बयान संजय सिंह को ही झूठा साबित करता है, क्योंकि संजय सिंह ने खुद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था कि विभव ने आतिशी के साथ अमर्यादित आचरण किया है और इससे केजरीवाल गुस्से में हैं और वह एक्शन लेंगे। वहीं, आज आतिशी कह रहीं हैं कि स्वाति मालीवाल सबसे झूठ बोल रहीं हैं, तो यानी सजय सिंह भी झूठ बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल विभव को साथ लेकर घूम रहे हैं, कोई एक्शन नहीं लिया है। इस सब से यह स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी कुछ बहुत बड़ी चीज छुपा रही है।

उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए स्वाति मालीवाल के बयान को देखकर लग रहा है कि उनके साथ भयानक प्रताड़ना और हिंसा हुई है। लेकिन, आम आदमी पार्टी ने तीन दिन की चुप्पी के बाद सबूतों को मिटाने की कोशिश की है, झूठ बोल रहे हैं, स्वाति मालीवाल को टारगेट कर रहे हैं, जैसा कि वो बाकी सभी मामलों में करते हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अगर सच्ची है, तो अभी तक अरविंद केजरीवाल सामने क्यों नहीं आए, उनके घर का सीसीटीवी सामने क्यों नहीं आया। कपिल ने कहा, आप किसी के मोबाइल से 10-15 सेकंड का एक एडिटेड वीडियो बनाकर एक पीड़ित महिला को झूठा साबित कर रहे हैं, इससे शर्मनाक और कुछ नहीं हो सकता है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More